Today School Closed in many districts of UP and rajasthan: लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में आज शनिवार को स्कूल बंद रखने का फैसला किया गया है। कई इलाकों में पिछले 72 घंटों से लगातार बारिश हो रही है। शहर, कस्बों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। वहीं दूसरी ओर पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद, मेरठ सहित अन्य जिलों में कांवड़ यात्रा के कारण 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल, कॉलेज और तकनीकी संस्थान बंद रखने का आदेश दिया है।
बुलंदशहर में स्कूल बंद
बुलंदशहर में तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी कुमार हर्ष ने शुक्रवार शाम करीब 6 बजे शनिवार को जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया। यह निर्णय विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) विनय कुमार ने अवकाश का आधिकारिक आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, नर्सरी से कक्षा 12 तक संचालित सभी विद्यालय बंद रहेंगे। इसमें बेसिक शिक्षा, माध्यमिक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध सभी स्कूल शामिल हैं।
डीग जिले में स्कूल बंद
डीग जिले में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए 8 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। यह अवकाश प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं पर लागू होगा। प्रशासन ने मौसम की स्थिति और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। अभिभावकों से अपील की गई है कि वे बच्चों को खराब मौसम में घर से बाहर न भेजें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
भरतपुर-धौलपुर में भारी बारिश
राजस्थान के भरतपुर और धौलपुर जिलों में लगातार हो रही बारिश ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए भरतपुर में सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है, जबकि धौलपुर में उफनती नदियों के कारण हालात पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, 8 अगस्त को जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश कक्षा 1 से लेकर 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों पर लागू होगा।
