छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की रहने वाली 16 वर्षीय रितिका ध्रुव को नासा के एक प्रोजेक्ट का हिस्सा बनने का मौका मिला है। उनका चयन नासा के सिटीजन साइंस प्रोजेक्ट के अंतर्गत क्षुद्र ग्रह खोज अभियान के लिए किया गया है। रितिका ने अंतरिक्ष के वैक्यूम में ब्लैक होल से ध्वनि की खोज विषय पर एक प्रस्तुति दी थी। जिससे ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, बॉम्बे और सतीश धवन स्पेस सेंटर, आंध्र प्रदेश के वैज्ञानिक काफी प्रभावित हुए।
11वीं की छात्रा हैं रितिका
रितिका जिले के नयापारा स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय इंग्लिश मीडियम स्कूल में 11वीं की छात्रा हैं। उनकी स्कूल प्रिंसिपल अमी रूफुस ने कहा कि रितिका को बचपन से ही अंतरिक्ष में गहरी दिलचस्पी रही है। उन्होंने नासा के क्षुद्र ग्रह खोज अभियान में भाग लिया और उनका चयन भी हो गया। रितिका ने टीम का प्रतिनिधित्व किया और बिलासपुर में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया।
छह स्कूली विद्यार्थियों का चयन
नासा प्रोजेक्ट के लिए रितिका ने कई स्तरों पर भाग लिया। वह पहले बिलासपुर की एक प्रतियोगिता में शामिल हुई और फिर भिलाई स्थित आईआईटी में प्रेजेंटेशन दिया। इस प्रोजेक्ट के लिए देशभर से 6 स्कूली विद्यार्थियों को चुना गया है। अब रितिका गुरुत्वाकर्षण बल के बारे में अधिक जानने के लिए 6 अक्टूबर तक एसडीएससी में ट्रेनिंग लेंगी। एक सप्ताह के प्रशिक्षण के बाद नवंबर में वह इसरो के कैंप में भाग लेंगी।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रितिका एक बेहद ही साधारण परिवार से ताल्लुक रखती है। उनके पिता नयापारा में ही एक साइकिल रिपेयर की दुकान चलाते हैं। नासा प्रोजेक्ट के लिए सिलेक्ट होने पर रितिका के दोस्त और परिवार काफी खुश हैं। वहीं, इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और शिक्षा मंत्री ने भी उन्हें बधाई दी है।
