राजस्थान अधीनस्थ और मंत्रिस्तरीय सेवा चयन बोर्ड, RSMSSB की ओर से 25 फरवरी, 2023 को REET 2023 परीक्षा की शुरुआत की गई है। इसके अलावा राजस्थान सरकार की ओर से 11 जिलों में इंटरनेट बंद करने के बावजूद, REET मुख्य परीक्षा का पेपर लीक हो गया है। राजस्थान तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा के पहले ही दिन राजस्थान पुलिस ने करीब चार से पांच लोगों के गिरोह को गिरफ्तार किया है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जोधपुर में एक मैरिज हॉल (बैंक्वेट हॉल) में REET पेपर लिखते हुए ठगी करने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की ओर से आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के बाद कई सारे चौंकाने वाले खुलासे भी देखने को मिले जिसने परीक्षा के लिए मेहनत करके उसमें शामिल होने वाले उम्मीदवारों के होश उड़ा दिए।
सभी आरोपियों को हिरासत में लेने के बाद जब पूछताछ की गई तो परीक्षा के पेपर से मिलान कराने के लिए डॉक्यूमेंट इकट्ठा किए गए। पेपर लीक गिरोह रातों रात करोड़पति बनने की फिराक में था और उसने 40 लाख में पेपर खरीदकर इससे 4 करोड़ रुपये कमाने की योजना बनाई थी।
तृतीय श्रेणी शिक्षकों के 48,000 पदों पर भर्ती को लेकर REET मेन्स परीक्षा आयोजित हुई है। इसके अलावा भी RSMSSB की ओर से जारी किए शेड्यूल के अनुसार REET 2023 परीक्षा 25 फरवरी, 26, 27, 28, 2023 और 1 मार्च, 2023 से आयोजित की जाएगी।
आरोपी को अब पुलिस हिरासत में ले लिया गया है। आरईईटी पेपर लीक मामले की अब जांच की जा रही है। पेपर लीक की आशंका के चलते राज्य सरकार और RSMSSB ने साझा किया था कि 25 और 26 फरवरी, 2023 को इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। इसके बावजूद परीक्षा के पहले दिन पेपर लीक हो गया।
27 फरवरी 2023 से जयपुर में सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक भी इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी। अलवर, अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, भरतपुट, जोधपुर, जयपुर, कोटा, सीरगंगानगर, टोंक और उदयपुर में इंटरनेट सेवाएं बंद रहेंगी।
रीट 2023 पेपर लीक के अलावा झुंझुनू और आमेर में एसओजी अधिकारियों ने फर्जी उम्मीदवारों को भी पकड़ा था। REET 2023 परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। सुबह की पाली के लिए लगभग 2 लाख और दोपहर की पाली के लिए 8 लाख उम्मीदवारों के उपस्थित होने की उम्मीद है।
