एजुकेशन

RRB Group D Vacancy: रेलवे ग्रुप डी की नौकरी में कैसे होता है सेलेक्शन? जल्द जारी होगा नोटिफिकेशन अभी से शुरू करें तैयारी

RRB Group D Vacancy: रेलवे में अक्सर ग्रुप डी की नौकरी निकलती है, जिसके माध्यम से हजारों पदों को भरा जाता है। लेकिन ज्यादातर युवा इस बात से अनजान रहते हैं, कि इस नौकरी को पाने के लिए उन्हें पहले से क्या तैयारी करने की जरूरत होती है।

Image

रेलवे ग्रुप D वैकेंसी 2026 (Image- ChatGPT)

RRB Group D Vacancy: रेलवे में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने साल 2026 की नई ग्रुप डी (लेवल-1) भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए देशभर के सभी रेलवे जोन और उत्पादन इकाइयों से खाली पदों की जानकारी मांगी गई है। माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद सितंबर या अक्टूबर 2026 में करीब 30 हजार पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है। वहीं आवेदन प्रक्रिया भी दिसंबर से पहले शुरू होने की उम्मीद है। लेकिन खबर के अनुसार, अभी खाली पदों का आकलन किया जा रहा है। नोटिफिकेशन आने के बाद क्लियर होगा कि वास्तव में कितने हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल रेलवे को निर्देश दिया है कि वे 31 दिसंबर 2027 तक खाली होने वाले पदों का सही-सही विवरण तैयार करें। इसके लिए एचआरएमएस (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट सिस्टम) का इस्तेमाल किया जाएगा।

मंडल और यूनिट स्तर पर 14 अगस्त तक रिक्त पदों का डेटा अपलोड किया जाएगा। इसके बाद 10 से 20 अगस्त 2026 के बीच जोनल मुख्यालय इन आंकड़ों की जांच कर अंतिम मंजूरी देगा। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

किन पदों पर होगी भर्ती?

इस भर्ती में ट्रैक मेंटेनर, प्वाइंट्समैन, असिस्टेंट सिग्नल एंड टेलीकॉम, असिस्टेंट कैरिज एंड वैगन, असिस्टेंट लोको शेड, असिस्टेंट पी-वे, असिस्टेंट ट्रैक मशीन, असिस्टेंट ब्रिज समेत ग्रुप डी के कई पद शामिल होंगे।

अब सभी RRB के लिए एक ही वेबसाइट

रेल मंत्रालय ने सभी रेलवे भर्ती बोर्डों की अलग-अलग वेबसाइटों की जगह अब एक नई कॉमन वेबसाइट शुरू कर दी है। भर्ती से जुड़ी सभी नई सूचनाएं, नोटिफिकेशन, एडमिट कार्ड, रिजल्ट और अन्य अपडेट अब केवल rrb.indianrailways.gov.in पर ही जारी किए जाएंगे। रेलवे ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे किसी भी अफवाह या फर्जी वेबसाइट पर भरोसा न करें और दलालों या नौकरी दिलाने का दावा करने वाले लोगों से सावधान रहें।

पिछली भर्ती में 53 लाख उम्मीदवारों ने किया था आवेदन

पिछले भर्ती अभियान में रेलवे ने ग्रुप डी के 22,195 पदों के लिए आवेदन मांगे थे। इस भर्ती के लिए करीब 53 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। फिलहाल इस भर्ती की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) अलग-अलग चरणों में आयोजित की जा रही है।

कैसे होगा चयन?

उम्मीदवारों का चयन सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) के आधार पर होगा। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के लिए बुलाया जाएगा। इसके बाद दस्तावेजों की जांच और मेडिकल परीक्षण होगा। इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article