आरपीएससी ने लेक्चरर एवं कोच (माध्यमिक शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के 7 विषयों की मॉडल उत्तरकुंजियों पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने का अभ्यर्थियों को पुनः अवसर दिया गया है। मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि आयोग द्वारा गत 3 से 5 जून तक आयोजित इस परीक्षा के ग्रुप-बी के सामान्य ज्ञान व सामान्य अध्ययन, राजनीति विज्ञान, भूगोल, बायोलाॅजी, संस्कृत, फिजिक्स और गणित विषयों की उत्तरकुंजियां 15 जून को जारी की गई थी। इसके बाद 17 से 19 जून तक ऑनलाइन आपत्तियां मांगी गई ।
निर्धारित समय में अभ्यर्थियों से मिली शिकायतों की जांच करने पर सामने आया कि ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में तकनीकी त्रुटि थी। इसके कारण कई अभ्यर्थी अपनी आपत्तियां दर्ज नहीं कर पाए थे। इसे ध्यान में रखते हुए आयोग ने अभ्यर्थियों के हित में 24 जून से 26 जून को रात्रि 12 बजे तक दोबारा लिंक खोलने का निर्णय लिया है।
आयोग द्वारा प्रत्येक प्रश्न हेतु आपत्ति शुल्क 100 रुपये (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगइन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन करने के बाद उपलब्ध लिंक पर क्लिक कर आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं। इसका भुगतान ई-मित्र कियोस्क या स्वयं के पेमेंट गेटवे से किया जा सकता है, और आयोग द्वारा शुल्क वापस लौटाने का कोई प्रावधान नहीं है। शुल्क के अभाव में आपत्तियां स्वीकार नहीं की जाएंगी।
आपत्तियां केवल आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रमानुसार प्रामाणिक पुस्तकों के प्रमाण सहित ऑनलाइन ही प्रविष्ट करनी होंगी। वांछित प्रमाण संलग्न न होने पर आपत्ति पर विचार नहीं होगा। इसके अलावा, इस परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थियों के अतिरिक्त किसी अन्य व्यक्ति की आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में सफलतापूर्वक अपनी आपत्ति दर्ज करवा दी है, उन्हें उन्हीं प्रश्नों पर दोबारा आपत्ति दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं है।
ग्रुप-बी के शेष विषयों के लिए महत्वपूर्ण सूचना—
ग्रुप-बी के शेष विषयों यानी समाजशास्त्र, इक्नाॅमिक्स, संगीत, चित्रकला, उर्दू, पंजाबी, एग्रीकल्चर, लोक प्रशासन, गृह विज्ञान और राजस्थानी की मॉडल उत्तरकुंजियों पर ऑनलाइन आपत्तियां जल्द ही अलग से मांगी जाएंगी। हालांकि, इन विषयों के अभ्यर्थियों को भी सामान्य ज्ञान व सामान्य अध्ययन के पेपर पर आपत्ति दर्ज कराने का यही आखिरी मौका दिया जा रहा है। इन विषयों के अभ्यर्थियों हेतु सामान्य ज्ञान व सामान्य अध्ययन (ग्रुप-बी) पर आपत्तियों के लिए लिंक दोबारा नहीं खोला जाएगा।
यदि किसी अभ्यर्थी को ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करने में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होती है, तो वे आयोग के ईमेल recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त फोन नंबर 9352323625 और 7340557555 पर भी संपर्क कर सकते हैं।
