एजुकेशन

राजस्थान SET परीक्षा में हंगामा, प्रश्न पत्र 30 मिनट की देरी से पहुंचने पर जयपुर में अभ्यर्थियों ने किया एग्जाम का बहिष्कार

Rajasthan SET Exam 2026: राजस्थान SET 2026 के दौरान जयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर प्रश्न पत्र करीब 30 मिनट देर से पहुंचने पर अभ्यर्थियों ने विरोध किया। कई उम्मीदवार परीक्षा कक्ष से बाहर निकल आए और परीक्षा का बहिष्कार किया।

Image

Rajasthan SET Exam 2026: जयपुर में राजस्थान एसईटी परीक्षा के दौरान हंगामा (PC: Twitter Pappu Ram Mundru Sikar)

Rajasthan SET Exam 2026: जयपुर में राजस्थान स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET 2026) के दौरान जयपुर में एग्जाम सेंटर पर हंगामा हो गया। खबरों के मुताबिक, रविवार को राजस्थान के जयपुर में स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET) 2026 के परीक्षा केंद्र से छात्र बाहर निकल आए। उनका आरोप था कि तय समय के लगभग 30 मिनट बाद प्रश्न पत्र बांटे गए। प्रश्न पत्र बांटने में हुई इस देरी के कारण विरोध शुरू हुआ और बाद में परीक्षा का बहिष्कार किया गया।

यह घटना जयपुर के बैनर (Benar) रोड पर स्थित पिंक सिटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई। परीक्षा शुरू होने का तय समय सुबह 11 बजे था, लेकिन प्रश्न पत्र सुबह करीब 11:30 बजे पहुंचे, जिसके बाद उम्मीदवारों ने विरोध किया और परीक्षा का बहिष्कार किया। खबरों के मुताबिक, कई उम्मीदवार अपने परीक्षा हॉल से बाहर निकल आए और परीक्षा केंद्र के मुख्य गेट पर विरोध करने लगे।

अभ्यर्थियों ने किया पुलिस से संपर्क

अभ्यर्थियों का आरोप है कि उन्होंने जब परीक्षा शुरू होने में देरी को लेकर केंद्र पर मौजूद अधिकारियों से सवाल किया, तो उन्हें कथित तौर पर शांत रहने या परीक्षा छोड़कर जाने की बात कही गई। इसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। कुछ उम्मीदवारों ने पुलिस से भी संपर्क किया और परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी शिकायत बताई।

एग्जाम रद्द होने की नहीं कोई सूचना

बताया गया कि पुलिस और स्कूल के प्रिंसिपल के बीच बातचीत के बाद उम्मीदवारों को एक नोटिस दिखाया गया। अभ्यर्थियों के मुताबिक, इस नोटिस में परीक्षा रद्द होने की बात कही गई थी। हालांकि, उम्मीदवारों का कहना है कि परीक्षा शुरू होने से पहले उन्हें केंद्र या किसी आधिकारिक माध्यम से परीक्षा रद्द होने की कोई सूचना नहीं दी गई थी।

परीक्षा व्यवस्था पर सवाल

एक अभ्यर्थी सानिया कवल ने ANI से बातचीत में परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने परीक्षा दोबारा आयोजित कराने और संबंधित केंद्र को रद्द करने की मांग की।

राजस्थान एसईटी परीक्षा क्यों होती है

राजस्थान स्टेट एलिजिबिलिटी टेस्ट (SET) एक राज्य स्तरीय पात्रता परीक्षा है। इसका मुख्य उद्देश्य राजस्थान के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर बनने के लिए उम्मीदवारों की पात्रता तय करना है। जिन अभ्यर्थियों की रुचि उच्च शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षक बनने की है, उनके लिए यह परीक्षा महत्वपूर्ण मानी जाती है। यहां आमतौर पर दो पेपर होते हैं। पहला पेपर शिक्षण और शोध अभिरुचि से संबंधित होता है, जबकि दूसरा पेपर उम्मीदवार द्वारा चुने गए विषय के ज्ञान का आकलन करता है।

Aditya Singh
आदित्य सिंहauthor

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं, जॉब वैकेंसी, करियर ऑप्शन्स, बोर्ड रिजल्ट, एग्जाम टिप्स और करंट अफेयर्स—इन सभी पर उनकी पकड़ मजबूत है। तेजी से खबर ब्रेक करना और युवाओं को उपयोगी और प्रेरक जानकारी देना उनकी प्रमुख विशेषताओं में शामिल है। पांच साल से आदित्य सिंह लगातार एजुकेशन सेक्शन के लिए खबरें लिख रहे हैं और छह हजार से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। एक एजुकेशन राइटर के रूप में उनका फोकस हमेशा यही रहता है कि छात्रों और युवाओं तक सटीक, समय पर और उपयोगी जानकारी सबसे पहले पहुंचे।

और पढ़ें
End of Article