Mukhyamantri Anuprati Coaching Yojana: राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों से जल्द ही ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे। इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और प्रोफेशनल कोर्सों की तैयारी के लिए गुणवत्तापूर्ण कोचिंग सुविधा उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना राज्य के हजारों विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुकी है। ऐसे में योजना के नए सत्र का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर लेने की सलाह दी गई है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अभिषेक सिद्ध ने बताया कि योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को विभाग द्वारा सूचीबद्ध प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में अध्ययन का अवसर दिया जाएगा। इसके माध्यम से छात्र-छात्राएं इंजीनियरिंग, मेडिकल, प्रबंधन, कानून सहित विभिन्न प्रोफेशनल पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षाओं तथा सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद एसएसओ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए विभाग की ओर से विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी किए जाएंगे। विभाग ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने दस्तावेजों की जांच कर लें और आवश्यक अपडेट की प्रक्रिया पूरी कर लें। इससे आवेदन प्रक्रिया शुरू होने पर किसी प्रकार की तकनीकी या दस्तावेज संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
तैयार रखें डॉक्यूमेंट
अधिकारी ने अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बौद्ध और पारसी समुदाय के अभ्यर्थियों को अपना अल्पसंख्यक प्रमाण-पत्र बनवाकर उसे जन आधार पोर्टल पर अपडेट कराना अनिवार्य होगा। यदि किसी अभ्यर्थी की जन आधार आईडी में अल्पसंख्यक श्रेणी अपडेट नहीं होगी, तो उसे योजना के तहत अल्पसंख्यक वर्ग का लाभ नहीं मिल सकेगा।
