QS World University Rankings 2027 : भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) दिल्ली ने QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में भारत की सबसे उच्च रैंक वाली संस्था का स्थान बरकरार रखा है। संस्थान ने अपनी वैश्विक रैंकिंग में सुधार करते हुए पिछले वर्ष के 123वें स्थान से बढ़कर 118वां स्थान हासिल किया है।वैश्विक उच्च शिक्षा विश्लेषण संस्था Quacquarelli Symonds (QS) द्वारा जारी इस रैंकिंग में विश्वविद्यालयों का मूल्यांकन अकादमिक प्रतिष्ठा, नियोक्ता प्रतिष्ठा, फैकल्टी-स्टूडेंट अनुपात, प्रति फैकल्टी शोध उद्धरण (साइटेशन), अंतरराष्ट्रीयकरण, स्थिरता और रोजगार परिणाम जैसे मानकों के आधार पर किया जाता है।
IIT दिल्ली की रैंकिंग
Indian Institute of Technology Delhi के अनुसार, उसकी रैंकिंग में सुधार कई प्रमुख मानकों में बेहतर प्रदर्शन के कारण हुआ है। 'एम्प्लॉयर रेपुटेशन' श्रेणी में संस्थान 11 स्थान ऊपर बढ़कर वैश्विक स्तर पर 39वें स्थान पर पहुंच गया। यह मानक नियोक्ताओं के बीच संस्थान की प्रतिष्ठा और उसके स्नातकों की कार्यस्थल के लिए तैयारी को दर्शाता है।
आईआईटी दिल्ली ने 60 स्थानों पर लगाई छलांग
इसके अलावा, 'एम्प्लॉयमेंट आउटकम्स' श्रेणी में IIT दिल्ली ने 60 स्थानों की छलांग लगाई है। यह श्रेणी स्नातकों की रोजगार क्षमता और पूर्व छात्रों के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभाव का आकलन करती है। वहीं, 'साइटेशंस पर फैकल्टी' मानक में संस्थान की रैंकिंग 26 स्थान सुधरी है, जो विश्वविद्यालय के शोध कार्यों की गुणवत्ता और प्रभाव को दर्शाती है।
इससे पहले QS वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग बाय सब्जेक्ट 2026 में भी IIT दिल्ली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। संस्थान को 'इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी' श्रेणी में विश्व स्तर पर 36वां स्थान मिला था, जबकि इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, केमिकल इंजीनियरिंग और सिविल इंजीनियरिंग जैसे विषय दुनिया के शीर्ष 50 विषयों में शामिल रहे थे।
JNU ने सुधारी रैंकिंग
जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी की रैंकिंग में भी सुधार देखने को मिला है। इस रैंकिंग में जेएनयू 558वें नंबर पर था लेकिन अब इसमें सुधार करते हुए संस्थान 555वें नंबर पर पहुंच गया है।
