एजुकेशन

Patna University: लीक हुआ बिहार यूनिवर्सिटी लॉ एंट्रेंस एग्जाम, परीक्षा के दौरान सवाल हुए वायरल

Patna University Paper Leak: पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा हॉल में पहुंच गया और परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी, और मौके से फरार हो गया।

Image

लीक हुआ बिहार यूनिवर्सिटी लॉ एंट्रेंस एग्जाम (Image - ChatGPT)

Patna University Paper Leak: अभी नीट यूजी पेपर लीक की घटना का शोर कम भी नहीं हुआ था, और पटना विश्वविद्यालय की LLB प्रवेश परीक्षा का पेपर लीक हो जाने से मामला एक बार फिर से गरमा गया है। बता दें, पटना यूनिवर्सिटी में लॉ एंट्रेंस एग्जाम चल रहा था, आज यानी शनिवार को पेपर के दौरान सवालों को व्हाट्सअप पर लीक कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र पर एक छात्र मोबाइल फोन लेकर परीक्षा हॉल में पहुंच गया। छात्र परीक्षा दे रहे थे और तभी प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर डाल दी गई, जिसके बाद पेपर तेजी से वायरल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन हरकत में आया। बताया गया कि उस समय परीक्षा केंद्र का जैमर बंद था। सूचना मिलने के बाद जैमर को तुरंत चालू कराया गया। वहीं, पेपर वायरल करने वाले छात्र का मोबाइल जब्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है, हालांकि छात्र मौके से फरार हो गया।

पुलिस तैनात थी, फिर भी मोबाइल कैसे पहुंचा?

यह खबर सुनकर सभी छात्रों के मन में एक सवाल है कि परीक्षा केंद्र के बाहर पुलिस की तैनाती थी और छात्रों की जांच भी की जा रही थी। इसके बावजूद एक छात्र मोबाइल लेकर परीक्षा हॉल तक कैसे पहुंच गया? विश्वविद्यालय अब पूरे मामले की जांच कर रहा है।

पटना विश्वविद्यालय की LLB प्रवेश परीक्षा पटना कॉलेज, बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज में आयोजित हुई थी। इनमें से केवल पटना कॉलेज केंद्र पर यह घटना हुई, जबकि अन्य दोनों केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

दोपहर 12:02 बजे वायरल हुआ पेपर

परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की गई थी। विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. बीके लाल के अनुसार, दोपहर 12:02 बजे प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। उस समय परीक्षा केंद्र का जैमर बंद था, जिसे सूचना मिलते ही चालू कर दिया गया। प्रश्नपत्र तो वायरल हुआ, लेकिन उसका उत्तर (Answer Key) परीक्षा हॉल के अंदर नहीं पहुंच सका। इसलिए किसी भी उम्मीदवार को इसका अनुचित लाभ नहीं मिला।

परीक्षा रद्द नहीं होगी

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल LLB प्रवेश परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी। परीक्षा नियंत्रक के अनुसार, स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया था और परीक्षा सामान्य रूप से पूरी कराई गई। अब विश्वविद्यालय सीसीटीवी फुटेज की मदद से पेपर वायरल करने वाले छात्र की पहचान कर रहा है। दोषी पाए जाने पर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article