NEET-UG 2026 री-एग्जाम से पहले लाखों छात्र एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने रविवार शाम से एडमिट कार्ड जारी करना शुरू किया लेकिन कई छात्रों ने वेबसाइट पर तकनीकी समस्याओं की शिकायत की है। छात्रों का कहना है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करते समय वेबसाइट बार-बार हैंग हो रही है, लॉगिन नहीं हो पा रहा है, पेज ब्लैंक हो जा रहा है और कई बार “Service Unavailable” या “Please Try Again Later” जैसे संदेश दिखाई दे रहे हैं। इससे परीक्षा से कुछ दिन पहले छात्रों की चिंता और तनाव बढ़ गया है।
NTA का दावा- वेबसाइट सामान्य रूप से काम कर रही
NTA के अनुसार अब तक 7 लाख से अधिक छात्र अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर चुके हैं। NTA ने कहा कि NEET पोर्टल एक समय में एक लाख उपयोगकर्ताओं का दबाव संभाल सकता है, जबकि वर्तमान में लगभग 6,000 लोग एक साथ वेबसाइट का उपयोग कर रहे हैं।
पिछली बार भी 22 लाख से अधिक एडमिट कार्ड डाउनलोड होने में करीब तीन दिन लगे थे और इस बार भी डाउनलोडिंग की प्रक्रिया सामान्य गति से चल रही है। एजेंसी लगातार वेबसाइट की निगरानी कर रही है।
बैंक डिटेल वेरिफिकेशन बना परेशानी की वजह
कई छात्रों का कहना है कि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने से पहले बैंक खाते की जानकारी सत्यापित करने की प्रक्रिया ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यह प्रक्रिया परीक्षा शुल्क वापसी (Refund) से जुड़ी हुई है।
सोशल मीडिया पर छात्र ने लिखा कि उसने कई प्रयासों के बाद बैंक डिटेल अपडेट कर दी, लेकिन फिर भी एडमिट कार्ड डाउनलोड नहीं कर पा रही है। उसका कहना है कि सही जानकारी दर्ज करने के बावजूद वेबसाइट गलत क्रेडेंशियल्स बता रही है। “Forgot Password” विकल्प भी काम नहीं कर रहा, जिससे चिंता और बढ़ गई। छात्रों ने भी लगातार तकनीकी समस्याओं की शिकायत की है। कुछ छात्रों का कहना है कि उन्होंने 15 से 20 बार प्रयास किया लेकिन हर बार “कुछ समय बाद फिर कोशिश करें” का संदेश मिला।
NTA ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा है कि सभी रिफंड सीधे छात्रों के बैंक खातों में भेजे जाएंगे। एजेंसी ने फर्जी कॉल और संदेशों से सावधान रहने की सलाह भी दी है। NTA ने स्पष्ट किया है कि जिन छात्रों को बैंक विवरण अपडेट करने में समस्या हुई है या जिन्होंने गलत जानकारी दर्ज कर दी है, उन्हें परीक्षा के बाद भी सुधार का अवसर दिया जाएगा।
मंगलवार-बुधवार तक सभी को मिल जाएगा एडमिट कार्ड
NTA का कहना है कि कुछ छात्रों ने पहले गलत बैंक विवरण भर दिए थे, इसलिए सुविधा दोबारा खोली गई। एजेंसी का दावा है कि मंगलवार या बुधवार तक सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड उपलब्ध हो। गौरतलब है कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा को 12 मई को रद्द कर दिया गया था। जांच में यह सामने आया था कि परीक्षा से पहले प्रसारित एक कथित गेस पेपर और वास्तविक प्रश्नपत्र के बीच समानताएं पाई गई थीं। मामले की जांच फिलहाल CBI कर रही है।
अब 21 जून को होने वाले री-एग्जाम पर देशभर के लाखों छात्रों की नजरें टिकी हैं। ऐसे में एडमिट कार्ड डाउनलोड से जुड़ी तकनीकी परेशानियां छात्रों की चिंता बढ़ा रही हैं, हालांकि NTA का कहना है कि जल्द ही सभी अभ्यर्थियों को बिना किसी परेशानी के एडमिट कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
