NEET UG Re Exam 2026: नीट पेपर लीक को लेकर देशभर के लाखों छात्र और अभिभावक काफी परेशान हैं। अब सभी की नजरें 21 जून को होने जा रहे री एग्जाम पर टिकी हुई हैं। इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) हेडक्वार्टर में अधिकारियों के साथ बैठक में 21 जून को होने वाली NEET UG 2026 री-एग्जाम की तैयारियों का जायजा लिया। तैयारियों के तहत, मंत्री के केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से भी मिलने की उम्मीद है, ताकि परीक्षा को सुचारू और बिना किसी बाधा के आयोजित करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय का सहयोग लिया जा सके।
छात्रों को दिलाया भरोसा
समीक्षा बैठक के बाद, प्रधान ने परीक्षा प्रक्रिया को लेकर छात्रों और अभिभावकों को भरोसा दिलाने की कोशिश की। मंत्री ने पत्रकारों से कहा, 'मैं छात्रों और उनके अभिभावकों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हम बिना किसी खामी या कमी के दोबारा परीक्षा आयोजित करेंगे।'
क्या बोले शिक्षा मंत्री ?
उम्मीदवारों से अपनी पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधान ने कहा, "मैं आपके माध्यम से उन्हें भरोसा दिलाना चाहता हूं: कृपया अपनी पढ़ाई पर ध्यान दें। हम दोबारा परीक्षा बिना किसी गड़बड़ी के आयोजित करेंगे और इस मामले में मैं आपके सहयोग की अपेक्षा करता हूं।"
मंत्री ने यह भी कहा कि NEET UG की दोबारा परीक्षा के नतीजे बिना किसी देरी के घोषित किए जाएंगे ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि छात्रों का पढ़ाई का कीमती समय बर्बाद न हो। NEET UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी।
