एजुकेशन

NEET UG Re-Exam 2026: कड़ी सुरक्षा के बीच आज होगी नीट यूजी परीक्षा, बनाया गया अभेद्य सुरक्षा कवच

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने NEET UG 2026 को पारदर्शी और नकल-रहित बनाने के लिए बड़े स्तर पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों पर तकनीक के साथ-साथ मानवीय निगरानी का भी पूरा इंतजाम किया गया है।

Image

NEET UG Re Exam 2026

NEET UG Re Exam 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने NEET UG 2026 को पारदर्शी और नकल-रहित बनाने के लिए बड़े स्तर पर सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों पर तकनीक के साथ-साथ मानवीय निगरानी का भी पूरा इंतजाम किया गया है। NTA ने देशभर के परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,700 ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। इसके अलावा 100 से ज्यादा वर्चुअल ऑब्जर्वर केंद्रीय स्तर से CCTV की लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। मानवीय निगरानी के साथ AI आधारित सिस्टम भी काम करेगा। यह सिस्टम CCTV फुटेज का विश्लेषण कर संदिग्ध गतिविधियों और असामान्य व्यवहार को तुरंत पकड़ेगा, जिससे निगरानी और सटीक हो जाएगी।

सुरक्षा में जुटे कई विभाग

परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा के लिए राज्य व जिला प्रशासन, पुलिस, अर्धसैनिक बल, भारतीय वायुसेना और डाक विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हर केंद्र पर 40 से 50 सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। परीक्षा सामग्री रखने वाली करीब 1,500 बैंक शाखाओं में बैंक अधिकारियों को विशेष ड्यूटी दी गई है। परीक्षा के बाद OMR शीट्स के सुरक्षित संग्रहण और ट्रांसपोर्ट के लिए डाक विभाग देशभर के 700 कलेक्शन केंद्रों पर टीम के साथ मौजूद रहेगा।

NEET UG Re Exam 2026

NEET UG Re Exam 2026

देशभर में मॉक ड्रिल पूरी

20 जून को NTA ने राष्ट्रव्यापी मॉक ड्रिल कर सभी व्यवस्थाओं की जांच की। जैमर, CCTV, फ्रिस्किंग स्टाफ, बायोमेट्रिक सिस्टम और अन्य सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण किया गया। साथ ही कस्टोडियन बैंकों में रखी परीक्षा सामग्री का सत्यापन कर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई।

अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम

सुरक्षा के साथ अभ्यर्थियों और अभिभावकों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। राज्य सरकारों के सहयोग से केंद्रों पर पीने का पानी, ORS, एंबुलेंस और अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षा स्थल बनाए गए हैं। हर कक्ष में दीवार घड़ी लगाई गई है और अतिरिक्त रफ वर्क पेज दिए जाएंगे। बाएं हाथ से लिखने वाले छात्रों के लिए प्रश्न पुस्तिका की शुरुआत में ही अतिरिक्त पेज उपलब्ध होंगे।

प्रवेश प्रक्रिया में लगने वाले समय को देखते हुए परीक्षा अवधि में अतिरिक्त समय भी जोड़ा गया है।

अफवाहों पर NTA की सख्ती

NTA ने कहा है कि सोशल मीडिया पर पेपर लीक और अन्य भ्रामक खबरों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। एजेंसी ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे सिर्फ NTA की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें। NTA ने प्रशासन, अभिभावकों और समाज से अनुरोध किया है कि परीक्षा के दिन छात्रों को तनावमुक्त माहौल दें, ताकि 22 लाख से अधिक अभ्यर्थी शांत और सुरक्षित माहौल में परीक्षा दे सकें।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article