एजुकेशन

NEET UG 2026 Re Exam: मेडिकल छात्रों की छुट्टी पर रोक, गड़बड़ी रोकने के लिए NMC ने देश भर के कॉलेजों को जारी किए निर्देश

NEET UG 2026 Re Exam: 21 जून को आयोजित होने वाली नीट यूजी री-एग्जाम में गड़बड़ी को रोकने के लिए एनएमसी द्वारा कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही इस दौरान मेडिकल छात्रों की छुट्टियों पर रोक लगा दी गई है।

Image

NEET UG 2026 Re Exam

NEET UG 2026 Re Exam: नीट यूजी 2026 की पहली परीक्षा पेपर लीक होने के बाद रद्द कर दी गई थी, जिसके बाद 21 जून को दोबारा नीट यूजी परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। दोबारा होने वाली परीक्षा को लेकर नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने एक बेहद सख्त और बड़ा कदम उठाया है। री-एग्जाम को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और धांधली-मुक्त बनाने के लिए एनएमसी ने देश भर के सभी मेडिकल कॉलेजों और संस्थानों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही परीक्षा के ठीक पहले यानी 20 और 21 जून को देशभर के सभी मेडिकल छात्रों की छुट्टी देने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।

NMC ने जारी की एडवाइजरी

नेशनल मेडिकल कमीशन ने 18 जून 2026 को एक पब्लिक नोटिस जारी करते हुए देश के सभी मेडिकल कॉलेजों के डीन और प्रिंसिपल्स को नीट यूजी परीक्षा के संबंध में कड़े निर्देश दिए हैं। एनएमसी ने साफ कहा है कि शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षा के आयोजन को लेकर जितनी भी गाइडलाइंस तय की गई हैं, सभी संस्थान उनका सख्ती से पालन करें। आदेश की कॉपियां सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के चिकित्सा शिक्षा विभागों को भेज दी गई है।

मेडिकल छात्रों की छुट्टियों पर क्यों लगी रोक?

एनएमसी ने पिछली कुछ घटनाओं के चलते यह फैसला लिया है। बता दें कि नीट यूजी की पहली परीक्षा के दौरान कई खबरें आई थीं जिनमें मेडिकल कॉलेज के छात्र कथित तौर पर राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं में गड़बड़ी या अनुचित गतिविधियों में शामिल पाए गए थे। इसी को ध्यान में रखते हुए एहतियात के तौर पर 20 और 21 जून को छात्रों को छुट्टी न देने का फैसला किया गया है, ताकि छात्र किसी भी तरह के गलत काम का हिस्सा न बन सकें। निर्देश के अनुसार, केवल बेहद जरूरी या आपातकालीन स्थिति में ही छात्रों को छूट दी जाएगी।

मेडिकल छात्रों की छुट्टी पर रोक

मेडिकल छात्रों की छुट्टी पर रोक

कॉलेजों को निगरानी बढ़ाने के दिए गए निर्देश

परीक्षा को लेकर जारी निर्देशों में कमीशन ने साफ किया है कि परीक्षा की सुरक्षा और विश्वसनीयता बनाए रखना संस्थानों और छात्रों, दोनों की ही जिम्मेदारी है। इसलिए देश के सभी मेडिकल कॉलेजों से कहा गया है कि वे परीक्षा के दौरान अपने कैंपस और छात्रों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखें। इसके साथ ही कॉलेजों को अपने छात्रों को किसी भी गतिविधि से दूर रहने की सलाह देने को कहा गया है।

21 जून को होगी नीट यूजी की दोबारा परीक्षा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को नीट यूजी री-एग्जाम का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा कड़ी सुरक्षा में संपन्न करने की तैयारी की जा रही है। एनएमसी का मानना है कि शिक्षण संस्थानों की इस सक्रिय भागीदारी से संभावित गड़बड़ियों को रोकने में मदद मिलेगी और देश की चिकित्सा प्रवेश परीक्षा प्रणाली में आम जनता का भरोसा और मजबूत होगा।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article