बॉलीवुड

Ramayana में भगवान राम बनने के लिए Ranbir Kapoor ने डेढ़ साल की ट्रेनिंग, इंडियन ओलंपियन से सीखी तीरंदाजी

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 4, 2026, 02:32 PM IST

Ranbir Kapoor on Ramayana Movie Role: रणबीर कपूर इन दिनों फिल्म ‘रामायण’ में भगवान राम के किरदार को लेकर चर्चा में हैं। अब एक्टर ने बताया कि इस रोल के लिए उन्होंने कितनी मेहनत की।

Image

रणबीर कपूर ने ‘रामायण’ के लिए बहाया खूब पसीना, शूटिंग से 18 महीने पहले शुरू की थी तैयारी (Image Source: Ramayana Movie)

Ranbir Kapoor on Ramayana Movie Role: बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) इन दिनों अपनी फिल्म रामायण (Ramayana) को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में वह भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है। इस किरदार को पर्दे पर निभाना रणबीर के लिए आसान नहीं था। इसके लिए उन्होंने सिर्फ अपने लुक और बॉडी पर ही काम नहीं किया, बल्कि किरदार की जरूरत के हिसाब से कई तरह की ट्रेनिंग भी ली। अब एक्टर ने एक इंटरव्यू में बताया है कि इस फिल्म की शूटिंग शुरू होने से काफी पहले ही उन्होंने इसकी तैयारी शुरू कर दी थी।

रणबीर कपूर ने किया ये खुलासा

'रिव्यू नेशन' से बातचीत के दौरान रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) ने बताया कि उन्होंने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से करीब डेढ़ साल पहले ही अपने किरदार की तैयारी शुरू कर दी थी। उन्होंने सही तीरंदाजी तकनीक सीखने के लिए एक इंडियन ओलंपियन के साथ ट्रेनिंग ली। इसके अलावा, उन्होंने मूवमेंट, सांस लेने के तरीके और शारीरिक हाव-भाव को समझने के लिए वर्कशॉप भी अटेंड की। अपनी तैयारी के बारे में बात करते हुए रणबीर ने कहा, 'भगवान राम एक महान धनुर्धर थे। इसलिए फिल्म की शूटिंग शुरू होने से करीब डेढ़ साल पहले मैंने तीरंदाजी की सही तकनीक सीखने के लिए एक इंडियन ओलंपियन के साथ काम किया। मैं कुछ समय के लिए न्यूयॉर्क में भी था और वहां कुछ क्लासेज भी लीं। हालांकि, इससे भी ज्यादा जरूरी भगवान राम के व्यक्तित्व और उनके असली स्वरूप को समझना था। आप जितना चाहें पढ़ सकते हैं और उनकी अलग-अलग व्याख्याएं देख सकते हैं, लेकिन आखिर में सवाल यह है कि आप इस किरदार में कौन-सी आत्मा डाल रहे हैं? मैं भगवान राम का किरदार निभा सकता हूं, लेकिन उसमें आत्मा मेरी होगी। मैं इसे कैसे बदलूं? इसमें एक नई आत्मा कैसे लाऊं?'

टेरी नोटरी की वर्कशॉप में सीखी खास बातें

रणबीर ने एक्शन डायरेक्टर टेरी नोटरी (Terry Notary) के साथ काम करने का अनुभव भी शेयर किया। टेरी 'प्लैनेट ऑफ द एप्स' फ्रेंचाइजी, 'एक्स2' (X2, 2003) और 'सुपरमैन रिटर्न्स' (Superman Returns, 2006) जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। रणबीर ने बताया कि 'टेरी नोटरी की वर्कशॉप में उन्होंने हमें सांस लेने की तकनीक, चलने का तरीका, पेड़ पर चढ़ना और इस तरह की कई चीजें सिखाईं। एक एक्टर के तौर पर हम बहुत खुशकिस्मत हैं कि हर नई फिल्म के साथ हमें कुछ नया सीखने का मौका मिलता है। लेकिन फिल्म रामायण हमेशा खास रहेगी, क्योंकि यह सबसे प्यारी कहानियों में से एक है और इसके किरदार भी लोगों के दिलों के बेहद करीब हैं। इसलिए यह सब सीखने का अनुभव शानदार रहा।'

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article