MP Board Second Exam 2026: बोर्ड परीक्षा में कभी-कभी उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिल पाते, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि आगे की सारी राहें बंद हो गई हैं। ऐसे ही छात्रों के लिए मध्य प्रदेश सरकार और माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने एक सराहनीय पहल की है। 'रुकना नहीं, आगे बढ़ना है' वाक्य के साथ बोर्ड ने हाई स्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) के छात्रों के लिए 'द्वितीय अवसर परीक्षा' की घोषणा की है। यह उन छात्रों के लिए वरदान से कम नहीं है, जो मुख्य परीक्षा में सफल नहीं हो पाए थे या फिर अपने अंकों से संतुष्ट नहीं है और इसमें सुधार करना चाहते हैं। ऐसे छात्र इस परीक्षा में शामिल होकर अपना साल बचा सकते हैं और अंकों में सुधार कर सकते हैं।
क्या है द्वितीय अवसर परीक्षा का उद्देश्य
इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य छात्रों के बहुमूल्य वर्ष को बर्बाद होने से बचाना है। अक्सर छात्र मुख्य बोर्ड परीक्षा में फेल होने के बाद हताश हो जाते हैं। 'द्वितीय अवसर परीक्षा' ऐसे छात्रों को अपनी कमियों को सुधारने के लिए परीक्षा देकर सफल होने का मौका देती है। इसके साथ ही जो छात्र अपने वर्तमान अंकों से संतुष्ट नहीं हैं और 'अंक सुधार' (Improvement) चाहते हैं, वे भी इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। यह कदम न केवल छात्रों का शैक्षणिक सत्र बचाता है, बल्कि उनके मानसिक आत्मविश्वास को भी बढ़ाने में मदद करता है। अंकों में सुधार के बाद वह आगे अपनी पसंद का कोर्स ले सकते हैं और एक बेहतरीन करियर की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।
द्वितीय अवसर परीक्षा के लए आवेदन की डेट क्या है?
एमपी बोर्ड द्वारा सोशल मीडिया पर जारी पोस्टर के अनुसार, द्वितीय अवसर परीक्षा के लिए आवेदन करने की समय सीमा करीब आ गई है। बता दें कि आज आवेदन की अंतिम तिथि है। परीक्षा में शामिल होने की इच्छा रखने वाले छात्रों को बता दें कि आज, 22 अप्रैल 2026 आवेदन करने की अंतिम तिथि है। परीक्षाओं के आयोजन के लिए अलग-अलग समय सारणी निर्धारित की गई है। समय की कमी को देखते हुए छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे बिना देरी किए अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें।
क्या है दूसरी परीक्षा की डेट?
हाई स्कूल (10वीं): इन छात्रों की परीक्षा 7 मई से 19 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी।
हायर सेकेंडरी (12वीं): कक्षा 12वीं के परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा की अवधि 7 मई से 25 मई 2026 तक रखी गई है।
क्या है आवेदन प्रक्रिया?
छात्रों की सुविधा के लिए आवेदन प्रक्रिया को डिजिटल और सरल रखा गया है। छात्र MP Online पोर्टल mpbse.nic.in के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, परीक्षा के टाइमटेबल और अन्य महत्वपूर्ण निर्देशों की जानकारी के लिए छात्र माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर जा सकते हैं।
