Aditya L1 mission: सूरज की सतह पर हर पल भयानक हलचल होती रहती है। वहां ऐसे विस्फोट होते रहते हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल है। कभी-कभी सूरज से इतनी तेज ऊर्जा निकलती है कि वह धरती तक पहुंचकर हमारे सैटेलाइट, मोबाइल नेटवर्क, जीपीएस और बिजली व्यवस्था को हिला सकती है। इसी रहस्यमयी सूरज को करीब से समझने के लिए भारत ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया था। इस कदम का नाम है- आदित्य-L1 मिशन। आज यह मिशन दुनिया भर के वैज्ञानिकों को सूरज के उन राजों के बारे में बता रहा है, जो अब तक किताबों में ही थे। उदयपुर के सोलर ऑब्जर्वेटरी के वैज्ञानिकों ने हाल ही में एक ऐसे ही सौर तूफान का अध्ययन किया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया। यह अध्ययन बताता है कि सूरज में उठने वाला हर तूफान धरती तक नहीं पहुंचता। कभी-कभी सूरज खुद ही अपने तूफान को रोक लेता है।
आदित्य-L1 कब लॉन्च हुआ था?
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन यानी इसरो ने आदित्य-L1 को 2 सितंबर 2023 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया था। यह भारत का पहला ऐसा मिशन है, जो पूरी तरह सूरज का अध्ययन करने के लिए भेजा गया है। लॉन्च के बाद यह यान करीब 4 महीने तक अंतरिक्ष में सफर करता रहा और 6 जनवरी 2024 को अपनी तय जगह पर पहुंच गया। यह जगह धरती से करीब 15 लाख किलोमीटर दूर है, जिसे लैग्रेंज पॉइंट 1 (L1) कहते हैं। इस जगह की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यहां से सूरज को बिना किसी रुकावट के लगातार देखा जा सकता है। यहां धरती की छाया नहीं पड़ती और ग्रहण का असर नहीं होता। यानी आदित्य-L1 सूरज पर 24 घंटे, 7 दिन नजर रखता है। इस मिशन की कुल उम्र 5 साल तय की गई है। इसमें 7 अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरण लगे हैं, जो सूरज की अलग-अलग परतों, उसकी रोशनी, चुंबकीय क्षेत्र और उससे निकलने वाले कणों का अध्ययन कर रहे हैं।
2
उदयपुर के वैज्ञानिकों ने क्या खोजा?
राजस्थान के उदयपुर में स्थित सोलर ऑब्जर्वेटरी के तीन वैज्ञानिकों ने 31 अक्टूबर 2024 को सूरज पर हुए एक जबरदस्त विस्फोट का अध्ययन किया। इसके लिए उन्होंने आदित्य-L1 के डेटा और अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी नासा के सोलर डायनेमिक्स ऑब्जर्वेटरी के डेटा का इस्तेमाल किया। इस विस्फोट को वैज्ञानिकों की भाषा में X2.0 श्रेणी का सोलर फ्लेयर कहा जाता है। यह सूरज पर होने वाले सबसे शक्तिशाली विस्फोटों में से एक माना जाता है। अध्ययन में पता चला कि विस्फोट के दौरान सूरज के कोरोना यानी उसके बाहरी वातावरण में एक विशाल चुंबकीय संरचना तेजी से ऊपर उठी। इसकी रफ्तार करीब 204 किलोमीटर प्रति सेकंड तक पहुंच गई। ऐसा लगा कि यह संरचना सूरज को छोड़कर अंतरिक्ष में निकल जाएगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। ऊपर मौजूद एक मजबूत चुंबकीय परत ने उसे रोक लिया। जैसे किसी गुब्बारे को ऊपर से हाथ से दबाकर रोक दिया जाए, वैसे ही सूरज के चुंबकीय क्षेत्र ने इस विस्फोट को वहीं कैद कर लिया।इसीलिए वैज्ञानिकों ने इसे 'कन्फाइंड फ्लेयर' कहा। यानी विस्फोट तो हुआ, ऊर्जा भी भयानक निकली, लेकिन वह सूरज से बाहर नहीं निकल पाई।
कितनी भयानक थी यह ऊर्जा?
वैज्ञानिकों के अनुसार, इस तरह के X-क्लास विस्फोट से निकलने वाली ऊर्जा की तुलना लाखों हाइड्रोजन बमों से की जा सकती है। एक-एक हाइड्रोजन बम की क्षमता 100 मेगाटन मानी जाती है। सोचिए, जब लाखों ऐसे बम एक साथ फटें, तब जितनी ऊर्जा निकलेगी, उतनी ऊर्जा इस एक सौर विस्फोट से निकली थी। अगर ऐसी ऊर्जा धरती की तरफ आ जाए, तो क्या होगा? इसका सीधा असर हमारे सैटेलाइट पर पड़ेगा। संचार व्यवस्था ठप हो सकती है, जीपीएस काम करना बंद कर सकता है, बिजली के ग्रिड में गड़बड़ी आ सकती है और अंतरिक्ष में मौजूद अंतरिक्ष यात्रियों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता है। यही वजह है कि वैज्ञानिक सूरज के हर विस्फोट को समझना चाहते हैं- कौन सा विस्फोट धरती तक पहुंचेगा और कौन सा सूरज में ही कैद हो जाएगा।
दो चरणों में हुआ था विस्फोट
इस अध्ययन में एक और दिलचस्प बात सामने आई। यह विस्फोट एक साथ नहीं, बल्कि दो चरणों में हुआ था। पहले चरण में तापमान करीब 1.9 करोड़ केल्विन तक पहुंचा। यह विस्फोट M4.6 श्रेणी का था। इसके बाद दूसरा चरण और भी ज्यादा शक्तिशाली था। इसमें तापमान करीब 2.2 करोड़ केल्विन तक पहुंच गया और विस्फोट X2.0 श्रेणी का हो गया। आदित्य-L1 के उपकरणों ने पहले चरण में 60 किलो इलेक्ट्रॉन वोल्ट तक और दूसरे चरण में 150 किलो इलेक्ट्रॉन वोल्ट तक के एक्स-रे सिग्नल दर्ज किए। इससे वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिली कि गर्म प्लाज्मा और तेज गति से चलने वाले कण सूरज में कैसे व्यवहार करते हैं। विस्फोट के बाद भी सूरज का वातावरण काफी देर तक चमकता रहा। करीब 20 मिनट बाद पराबैंगनी रोशनी में चमक और तेज हो गई और यह करीब एक घंटे तक बनी रही। गर्म प्लाज्मा बड़ी चुंबकीय लूपों में देर तक रुका रहा और कुछ पदार्थ 100 से 500 किलोमीटर प्रति सेकंड की रफ्तार से नीचे गिरता हुआ भी देखा गया।
1
SUIT ने क्या कमाल किया?
आदित्य-L1 पर लगे 7 उपकरणों में से एक सबसे खास उपकरण है- SUIT यानी सोलर अल्ट्रावायलेट इमेजिंग टेलीस्कोप। यह सूरज की तस्वीरें नियर-अल्ट्रावायलेट रोशनी में लेता है। SUIT को 20 नवंबर 2023 को चालू किया गया था और 6 दिसंबर 2023 को इसने अपनी पहली वैज्ञानिक तस्वीरें लीं। इसके एक साल के कामकाज पर एक रिसर्च पेपर भी प्रकाशित हुआ है, जिसे राहुल गोपालकृष्णन और उनकी टीम ने तैयार किया है। यह टेलीस्कोप सूरज की दो निचली परतों- फोटोस्फीयर और क्रोमोस्फीयर- का अध्ययन करता है। आम रोशनी में हमें सूरज की सतह साधारण दिखती है, लेकिन अल्ट्रावायलेट रोशनी में उसकी छोटी-छोटी हलचलें, धब्बे और विस्फोट की शुरुआत साफ दिख जाती है। वैज्ञानिकों का मानना है कि सूरज के निचले वातावरण को समझे बिना बड़े तूफानों की भविष्यवाणी नहीं की जा सकती। SUIT इसी कड़ी को जोड़ रहा है।
भारत के लिए यह मिशन क्यों जरूरी है?
भारत आज डिजिटल दुनिया में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारे पास सैकड़ों सैटेलाइट हैं, जो मौसम, संचार, रक्षा और नेविगेशन का काम करते हैं। अगर सूरज से आने वाला कोई बड़ा तूफान इन सैटेलाइटों से टकरा जाए, तो करोड़ों रुपये का नुकसान हो सकता है। आदित्य-L1 हमें इस खतरे के बारे में पहले से चेतावनी दे सकता है। जैसे मौसम विभाग बारिश और तूफान की भविष्यवाणी करता है, वैसे ही आदित्य-L1 स्पेस वेदर यानी अंतरिक्ष के मौसम की भविष्यवाणी करने में मदद करेगा।इसके अलावा, यह मिशन भारत को दुनिया के उन चुनिंदा देशों की कतार में खड़ा करता है, जो सूरज का गहराई से अध्ययन कर रहे हैं। पहले यह काम सिर्फ अमेरिका और यूरोप की एजेंसियां करती थीं। अब भारत भी इस क्षेत्र में नेतृत्व कर रहा है। इससे भारतीय वैज्ञानिकों को नई तकनीक विकसित करने, युवाओं को अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि दिलाने और भविष्य के मिशनों के लिए अनुभव हासिल करने का मौका मिल रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- प्रदूषण से जूझ रही दिल्ली के लिए बड़ी खुशखबरी! कृत्रिम बारिश की हो रही तैयारी
दुनिया के लिए क्यों है खास?
सूरज का तूफान किसी एक देश को नहीं देखता। अगर 1859 में हुए कैरिंगटन इवेंट जैसा तूफान आज आए, तो पूरी दुनिया की बिजली व्यवस्था ठप हो सकती है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इससे खरबों डॉलर का नुकसान होगा। आदित्य-L1 का डेटा पूरी दुनिया के वैज्ञानिकों के काम आ रहा है। नासा और यूरोपीय एजेंसियों के साथ मिलकर भारत अब सूरज के रहस्यों को सुलझा रहा है। आदित्य-L1 ने यह साबित कर दिया है कि भारत अब सिर्फ चांद और मंगल तक सीमित नहीं है, बल्कि सूरज की गहराइयों तक पहुंच चुका है। आने वाले सालों में यह मिशन हमें बताएगा कि सूरज कब शांत रहेगा और कब वह अपना रौद्र रूप दिखाएगा।
