JEE Main 2027: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE Main 2027 के एग्जाम शेड्यूल जारी कर दिया गया है। देश के शीर्ष इंजीनियरिंग संस्थानों जैसे NIT, IIIT और अन्य सरकारी सहायता प्राप्त तकनीकी संस्थानों में दाखिले की उम्मीद लगाए लाखों उम्मीदवारों अब ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। बता दें कि जल्द ही परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की तिथियां घोषित की जाएंगी। अगर आप भी JEE Main 2027 की तैयारी कर रहे हैं, तो अंतिम समय की किसी भी हड़बड़ी और तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार कर लें।
कब से शुरू हो सकती है रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया?
एनटीए (NTA) की सामान्य कार्यप्रणाली के अनुसार, जेईई मेन 2027 के पहले सेशन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया नवंबर के महीने में शुरू होने की पूरी संभावना है। उम्मीदवारों को सलाह है कि वह आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें ताकि इससे संबंधित सभी जरूरी अपडेट्स उन्हें मिल सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - MP Police Constable Recruitment 2026: मध्य प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पदों पर भर्ती का आखिरी मौका, 6 अक्टूबर से पहले ऐसे करें आवेदन
कब होगी जेईई मेन परीक्षा
एनटीए द्वारा जारी परीक्षा शेड्यूल के अनुसार, जेईई 2027 परीक्षा का आयोजन 22 से 24 और 28 से 30 जनवरी 2027 तक किया जाएगा। इसका अर्थ यह है कि परीक्षा कुल 6 दिन आयोजित की जाएगी।
फॉर्म भरने के लिए रेडी रखें ये जरूरी डॉक्यूमेंट्स
1. स्कैन की गई पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर
- फोटो हाल की होनी चाहिए (कम से कम 80% चेहरे का हिस्सा और सफेद बैकग्राउंड)।
- हस्ताक्षर स्पष्ट और नीली/काली स्याही से होने चाहिए।
2. वैध पहचान पत्र (Photo ID Proof)
आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी, पैन कार्ड या राशन कार्ड में से कोई एक। *(ध्यान दें कि पहचान पत्र में नाम और जन्मतिथि आपके शैक्षणिक प्रमाण पत्रों से मेल खाती हो)।
3. शैक्षणिक दस्तावेज (Academic Certificates)
- 10वीं कक्षा की मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट (जन्मतिथि के सत्यापन के लिए)।
- 12वीं कक्षा की मार्कशीट या एडमिट कार्ड (यदि आप इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शामिल हो रहे हैं)।
4. जाति एवं श्रेणी प्रमाण पत्र (Category Certificate)
GEN-EWS, OBC-NCL, SC, ST और PwD उम्मीदवारों के लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी नया और मान्य प्रमाण पत्र।
5. सक्रिय ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर
भविष्य के सभी पत्राचार, ओटीपी (OTP) और एडमिट कार्ड की जानकारी के लिए एक चालू मोबाइल नंबर और ईमेल की आवश्यकता होगी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - इंग्लिश के फ्रेज 'No But, No Cuts, No Coconut' का क्या है अर्थ है? आम बोलचाल में कैसे करें इसका इस्तेमाल
आवेदन करते समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान
फॉर्म भरते समय अपने नाम, माता-पिता के नाम और जन्मतिथि की स्पेलिंग 10वीं की मार्कशीट के अनुसार ही दर्ज करें। एनटीए द्वारा तय किए गए फाइल साइज (KB/MB) और फॉर्मेट (JPG/PDF) में ही अपने डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें। समय से पहले सभी डॉक्यूमेंट्स व्यवस्थित कर लेने से आप आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही बिना किसी गलती के अपना फॉर्म सफलतापूर्वक सबमिट कर पाएंगे।
