एजुकेशन

क्या JEE Advanced का डेटा हुआ लीक, आईआईटी रुड़की ने मानी गलती

JEE Advanced Data Leak: हाल ही में एक ट्विटर यूजर ने दावा किया है कि जेईई एडवांस्ड 2026 परिणाम प्रणाली से जुड़ी एक सार्वजनिक क्लाउड स्टोरेज को इस तरह से कॉन्फिगर किया गया था कि बिना प्रमाणीकरण के ही एक्सेस मिल रहा था। इस पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रुड़की ने बताया कि इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है।

Image

JEE Advanced Data Leak: क्या JEE Advanced का डेटा हुआ लीक

JEE Advanced Data Leak: सीबीएसई के ओएसएम (ऑन-स्क्रीन मार्किंग) पोर्टल में कथित डेटा लीक का मामला सामने आने के कुछ ही दिनों बाद अब जेईई एडवांस्ड 2026 की डेटा सुरक्षा को लेकर नए सवाल उठ गए हैं। एक ट्विटर यूजर ने दावा किया है कि जेईई एडवांस्ड 2026 के सभी उम्मीदवारों का डेटा इंटरनेट पर लीक हो रहा है। '@DarthKermi72747' यूजरनेम वाले एक्स यूजर ने दावा किया है कि जेईई एडवांस्ड 2026 परिणाम प्रणाली से जुड़े एक सार्वजनिक क्लाउड स्टोरेज को इस तरह से कॉन्फिगर किया गया था कि बिना प्रमाणीकरण के ही एक्सेस मिल रहा था। इस दावे के बाद लाखों छात्रों के व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और परीक्षा से जुड़ी डिजिटल व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं।

एक्स यूजर ने दावा किया कि इस डेटा में उम्मीदवारों के नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर शामिल थे। पोस्ट में साझा किए गए स्क्रीनशॉट में एडमिट कार्ड और परिणाम से संबंधित डेटा रिकॉर्ड दिखाई दे रहे हैं। एक स्क्रीनशॉट में उम्मीदवारों की जानकारी वाले कई जेईई एडवांस्ड 2026 दस्तावेज़ प्रदर्शित हैं, जबकि दूसरे में विषयवार अंक, रैंक और व्यक्तिगत विवरण सहित संरचित परिणाम डेटा दिखाया गया है, जिसमें कुछ जानकारी हटाई गई है।

"जेईई एडवांस्ड 2026 के उम्मीदवार/परिणाम संबंधी ढांचे (https://cdata.jeeadv.ac.in/result2026/) में सार्वजनिक क्लाउड स्टोरेज की गलत कॉन्फ़िगरेशन के कारण बड़ी मात्रा में उम्मीदवारों का डेटा बिना अनुमति के लीक हो गया," X उपयोगकर्ता ने ट्वीट किया। "इससे लगभग 179.6 हजार परिणाम रिकॉर्ड और लगभग 187.3 हजार एडमिट कार्ड पीडीएफ लीक हो गए, जिनमें उम्मीदवारों के नाम, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर शामिल थे।

आईआईटी मद्रास ने किया स्वीकार

ट्वीट के कुछ घंटों बाद भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), रुड़की, जो जेईई एडवांस्ड 2026 का आयोजन करने वाली संस्था है ने स्वीकार किया कि इस समस्या को प्राथमिकता के आधार पर देखा जा रहा है। संस्थान ने ट्वीट का जवाब देते हुए कहा, क्लाउड स्टोरेज डिवाइस में कॉन्फिगरेशन संबंधी समस्या की ओर ध्यान दिलाने के लिए @DarthKermy72747 को धन्यवाद। इसे प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जा रहा है। संग्रहीत डेटा केवल पढ़ने योग्य था, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार के बदलाव की कोई संभावना नहीं थी। हम आपके जिम्मेदार और नैतिक व्यवहार की सराहना करते हैं।

कुल इतने छात्र परीक्षा में शामिल

इस बार, JEE (Advanced) 2026 के लिए कुल 1,87,389 उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,79,694 उम्मीदवार 17 मई, 2026 को आयोजित परीक्षा के पेपर 1 और पेपर 2 दोनों में शामिल हुए। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवारों में से 56,880 उत्तीर्ण हुए हैं। उत्तीर्ण उम्मीदवारों में 10,107 महिला उम्मीदवार हैं।

Aditya Singh
आदित्य सिंह author

आदित्य सिंह टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में एजुकेशन सेक्शन पर लिखते हैं। मीडिया में 5 साल का अनुभव रखने वाले आदित्य सिंह स्कूली शिक्षा से लेकर प्र... और देखें

End of Article