एजुकेशन

IIT मद्रास का अनोखा 'प्रोटीन मेस'! अब चिकन यखनी पुलाव और पनीर टिक्का खाकर बनेंगे चैंपियन खिलाड़ी

IIT Madras Introduces Protein Mess: आईआईटी मद्रास ने अपने छात्र-खिलाड़ियों के लिए एक खास "प्रोटीन मेस" शुरू किया है, जहां उन्हें उनकी फिटनेस और परफॉर्मेंस के हिसाब से पौष्टिक खाना दिया जाएगा।

Image

IIT मद्रास का अनोखा 'प्रोटीन मेस'

IIT Madras Introduces Protein Mess: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी यानी IIT का नाम सुनते ही दिमाग में पढ़ाई, रिसर्च और कठिन एग्जाम की तस्वीर बनती है लेकिन अब आईआईटी मद्रास ने कुछ ऐसा किया है, जो खेल प्रेमी छात्रों को भी काफी पसंद आने वाला है। संस्थान ने अपने छात्र-खिलाड़ियों के लिए एक खास "प्रोटीन मेस" शुरू किया है, जहां उन्हें उनकी फिटनेस और परफॉर्मेंस के हिसाब से पौष्टिक खाना दिया जाएगा। दरअसल, खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सिर्फ मेहनत और प्रैक्टिस ही काफी नहीं होती। सही डाइट भी उतनी ही जरूरी होती है। इसी सोच के साथ IIT मद्रास ने यह नई पहल शुरू की है। संस्थान का मानना है कि अगर खिलाड़ियों को सही पोषण मिलेगा, तो उनकी फिटनेस, स्टैमिना और रिकवरी बेहतर होगी।

मेन्यू में क्या क्या शामिल

इस खास मेस में मिलने वाला खाना भी काफी दिलचस्प है। मेन्यू में चिकन यखनी पुलाव, पनीर टिक्का, एग भुर्जी, फिश करी, मटन रोगन जोश, सोया चंक्स, स्प्राउट्स और शकरकंद जैसी चीजें शामिल हैं। इन सभी व्यंजनों को इस तरह तैयार किया गया है कि खिलाड़ियों को भरपूर प्रोटीन और जरूरी पोषक तत्व मिल सकें। इन सभी व्यंजनों को पेशेवर न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह पर तैयार किया गया है।

सुविधाओं पर फोकस

खास बात यह है कि IIT मद्रास सिर्फ खाने पर ही फोकस नहीं कर रहा है। छात्र-खिलाड़ियों को बेहतर ट्रेनिंग, फिटनेस सपोर्ट और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। अगर कोई छात्र किसी राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने जाता है, तो उसकी पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। अगर यह मॉडल सफल रहता है, तो आने वाले समय में दूसरे IIT, NIT और बड़े विश्वविद्यालय भी अपने खिलाड़ियों के लिए ऐसी व्यवस्था शुरू कर सकते हैं। यानी अब IIT में सिर्फ दिमाग ही नहीं, बल्कि फिटनेस और खेल प्रतिभा को भी बराबर महत्व दिया जा रहा है।

बता दें कि IIT मद्रास पिछले कुछ वर्षों से खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार काम कर रहा है। संस्थान में ऐसे छात्रों को भी मौका दिया जा रहा है जो खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। अब "प्रोटीन मेस" की शुरुआत को इसी दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article