कॉलेज एडमिशन का सिलसिला जारी है। 12वीं पास कर चुके छात्र एक ऐसे कॉलेज की तलाश में हैं जहां से कोर्स पूरा होने के बाद उन्हें अच्छा प्लेसमेंट मिल सके। आज हम आपको धनबाद के एक ऐसे कॉलेज के बारे में बता रहे हैं जिसने 1.22 करोड़ का पैकेज देकर इतिहास रच दिया है। इस कॉलेज का नाम है IIT (ISM) धनबाद। इस कॉलेज ने एक बार फिर अपने शानदार प्लेसमेंट रिकॉर्ड से देशभर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्लेसमेंट अभियान में संस्थान के छात्रों को 1.22 करोड़ रुपये सालाना का सर्वाधिक पैकेज मिला है। इसके साथ ही Google, Microsoft, Flipkart, IBM, Adobe, Walmart और Goldman Sachs जैसी वैश्विक कंपनियों ने बड़ी संख्या में छात्रों को नौकरी के अवसर दिए हैं। प्लेसमेंट अभियान में केवल आईटी कंपनियां ही नहीं, बल्कि फाइनेंस, एनालिटिक्स, कंसल्टिंग और कोर इंजीनियरिंग सेक्टर की कंपनियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इससे छात्रों को विविध क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसर प्राप्त हुए।
1.22 करोड़ रुपये के उच्चतम पैकेज के साथ संस्थान ने इस वर्ष प्लेसमेंट के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस वर्ष प्लेसमेंट के दौरान औसत वेतन पैकेज भी मजबूत रहा। कई पाठ्यक्रमों में औसत पैकेज 18 लाख रुपये से अधिक दर्ज किया गया, जबकि बड़ी संख्या में छात्रों को प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) भी प्राप्त हुए। 300 से अधिक कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट में भाग लिया, जिससे संस्थान की उद्योग जगत में बढ़ती साख का अंदाजा लगाया जा सकता है।
संस्थान के अनुसार, इस बार प्लेसमेंट प्रक्रिया में विभिन्न इंजीनियरिंग शाखाओं के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। सबसे अधिक आकर्षण कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) विभाग का रहा। इस विभाग में कुल 143 छात्र थे, जिनमें 124 बीटेक और 19 एमटेक के छात्र शामिल थे। इन छात्रों को दुनिया की प्रमुख टेक कंपनियों से आकर्षक जॉब ऑफर मिले, जिससे संस्थान की प्रतिष्ठा और मजबूत हुई।
वहीं, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) विभाग के छात्रों को भी बेहतरीन प्लेसमेंट मिला। इस शाखा में कुल 111 छात्र शामिल थे, जिनमें 98 बीटेक, 11 एमटेक और 2 ड्यूल डिग्री के छात्र थे। इनके लिए Texas Instruments, Samsung Research, STMicroelectronics, Intel, Jaguar Land Rover जैसी प्रतिष्ठित कंपनियां कैंपस में भर्ती के लिए पहुंचीं।
