IIRF Ranking 2026 : देश के लाखों छात्रों के लिए कॉलेज और यूनिवर्सिटी चुनना एक बहुत बड़ा फैसला होता है। ऐसे में अलग-अलग रैंकिंग संस्थान समय-समय पर देश के हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट्स की रैंकिंग जारी करते हैं। हाल ही में Indian Institutional Ranking Framework यानी IIRF ने अपनी 2026 की रैंकिंग जारी कर दी है। इस रैंकिंग में केंद्रीय विश्वविद्यालयों, राज्य विश्वविद्यालयों, डीम्ड विश्वविद्यालयों और इंजीनियरिंग संस्थानों समेत कई श्रेणियों में देश के शीर्ष संस्थानों को रैंकिंग मिली है। केंद्रीय विश्वविद्यालयों की श्रेणी में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय यानी JNU ने एक बार फिर पहला स्थान हासिल किया है, जबकि दिल्ली यूनिवर्सिटी दूसरे और जामिया यूनिवर्सिटी तीसरे नंबर पर रही है।
सेंट्रल यूनिवर्सिटी में कौन सा कॉलेज टॉप ?
बता दें कि डीम्ड यूनिवर्सिटी की लिस्ट में Indian Institute of Science (IISc), Bengaluru ने शीर्ष स्थान बरकरार रखा है। रैंगिंग में गुणवत्ता, रिसर्च वर्क, प्लेसमेंट फैकल्टी से लेकर संस्थानी की प्रतिष्ठा जैसे कई मानकों को आधार बनाया गया है।
IIRF 2026 की सेंट्रल यूनिवर्सिटीज की रैंकिंग में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय ने देश में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं इस रैंकिंग में दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) और जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) दूसरे और तीसरे नंबर पर रहे हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ हैदराबाद को चौथा और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) को पांचवा स्थान मिला है।
टॉप Deemed कॉलेज कौन-कौन से ?
IIRF की डीम्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय विज्ञान संस्थान (IISc), बेंगलुरू ने देशभर में पहला नंबर हासिल किया है। दूसरे नंबर पर भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR-IARI) नई दिल्ली रहा, जबकि मुंबई स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (ICT) को तीसरा स्थान मिला है।
ये प्राइवेट यूनिवर्सिटी शीर्ष पर
प्राइवेट यूनिवर्सिटी की बात करें तो हरियाणा की अशोका यूनिवर्सिटी ने देशभर में पहला स्थान हासिल किया है। वहीं दूसरे नंबर पर गुजरात की धीरूभाई अंबानी यूनिवर्सटी रही, वहीं कर्नाटक की श्री धर्मस्थल मंजूनाथेश्वर यूनिवर्सिटी को तीसरा स्थान मिला है।
यूपी के इस कॉलेज ने बनाई अपनी जगह
उत्तर प्रदेश की बात करें तो मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (MMMUT) ने इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (IIRF) रैंकिंग 2026 में अहम स्थान हासिल करके देश के जाने-माने उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच अपनी स्थिति और मजबूत की है। विश्वविद्यालय ने इंजीनियरिंग श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर 51वीं रैंक और मैनेजमेंट श्रेणी में 66वीं रैंक हासिल की। साथ ही ये दोनों ही कैटेगरी में UP का 9वां सबसे बेहतरीन संस्थान बनकर उभरा। MMMUT ने बताया कि राज्य सरकार के तकनीकी संस्थानों में HBTU कानपुर के बाद MMMUT दूसरे स्थान पर रहा।
रैंकिंग के अनुसार, विश्वविद्यालय ने मूल्यांकन के मुख्य पैमानों पर शानदार प्रदर्शन किया। इंजीनियरिंग श्रेणी में, इसने अकादमिक प्रतिष्ठा में 94.26, स्नातक परिणाम और रोजगार क्षमता में 97.88, अनुसंधान परिणाम में 90.79, और कल्याण व संस्थागत विकास में 95.23 अंक हासिल किए; इस तरह 1,000 में से इसका कुल भारांक सूचकांक 841.11 रहा।
