एजुकेशन

मैं 10वीं पास हूं, भारतीय रेलवे में नौकरी चाहिए, ऐसे में क्या करें?

Job in railway: कई बार छात्रों के मन में इस तरह के सवाल आते हैं, कि उन्होंने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई नहीं की है, लेकिन रेलवे जैसे बड़े विभाग में नौकरी की आस लगाए बैठे हैं। आइये इसका जवाब समझें

Image

12वीं पास नहीं है लेकिन रेलवे में नौकरी चाहिए (Image- ChatGPT)

How to get job in railway after 10th: भारतीय रेलवे में नौकरी पाना ज्यादातर युवाओं का सपना है। अगर आपने इंटरमीडिएट तक पढ़ाई नहीं की है, तो इसका मतलब आप 10वीं पास हैं और रेलवे विभाग में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं। बता दें, आप रेलवे में नौकरी पा सकते हैं, दरअसल रेलवे में समय-समय पर ऐसी भर्तियां निकलती हैं, जिनमें 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। इनमें लेवल-1 यानी ग्रुप डी से जुड़े पदों के अलावा कुछ दूसरी भर्तियां भी शामिल हो सकती हैं। हर भर्ती में योग्यता अलग हो सकती है, इसलिए आवेदन से पहले संबंधित नोटिफिकेशन को देखना जरूरी है।

10वीं पास के लिए ग्रुप डी सबसे चर्चित नौकरी है, क्योंकि रेलवे हजारों की संख्या में इस पद को भरने के लिए विज्ञप्ति जारी करती है। चलिए जानते हैं 10वीं पास के लिए रेलवे में कौन-कौन से मौके होते हैं?

रेलवे में 10वीं पास युवाओं के लिए सबसे बेहतर विकल्प ग्रुप डी है, इसमें ट्रैक मेंटेनर, पॉइंट्समैन और अलग-अलग विभागों में असिस्टेंट जैसे पद शामिल हो सकते हैं। पदों की सूची हर भर्ती के नोटिफिकेशन के अनुसार बदल सकती है।

इसके अलावा रेलवे से जुड़ी कुछ ट्रेनिंग और कौशल आधारित योजनाओं में भी 10वीं पास युवाओं को अवसर मिलते हैं। उदाहरण के तौर पर रेलवे की Rail Kaushal Vikas Yojana में 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए पात्रता रखी गई है और चयन 10वीं के अंकों के आधार पर मेरिट से किया जाता है।

रेलवे ग्रुप डी में नौकरी पाने का रास्ता क्या है?

अगर आपका लक्ष्य रेलवे में लेवल-1 की नौकरी पाना है तो परीक्षा से जुड़ी अपनी तैयारी कड़क रखें ताकि नोटिफिकेशन जारी होने के बाद आप सबसे प्रबल दावेदार रहें।

विज्ञप्ति आने के बाद उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन करते हैं। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा, दस्तावेज जांच और मेडिकल जांच जैसे चरण शामिल हो सकते हैं। हालांकि किसी खास भर्ती में चयन के चरण क्या होंगे, यह उसी भर्ती के आधिकारिक विज्ञापन से तय होता है। इन सबमें शारीरिक दक्षता परीक्षा ऐसा चरण है, जिसके लिए जितना पहले से मेहनत की जाए, उतना अच्छा रहेगा।

सिर्फ 10वीं पास होने से नौकरी मिल जाएगी?

नहीं, हर पद के लिए केवल 10वीं पास होना पर्याप्त नहीं होता। कुछ पदों पर 10वीं के साथ ITI या संबंधित तकनीकी योग्यता भी मांगी जाती है। जिस तरह के ट्रेड में नौकरी आएगी, आपसे उसी क्षेत्र का आईटीआई मांगा जाएगा। केवल शैक्षणक योग्यता नहीं, उम्मीदवारों को यह भी देखना चाहिए कि उनकी उम्र निर्धारित सीमा में है या नहीं। आरक्षित वर्गों को नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिल सकती है।

लिखित परीक्षा की तैयारी कैसे करें?

अभी से बेसिक गणित, सामान्य विज्ञान, रीजनिंग और सामान्य ज्ञान पर पकड़ मजबूत करना शुरू कर सकते हैं। रोज थोड़ा समय पढ़ाई के लिए निकालें और पुराने प्रश्नपत्रों से सवाल हल करने की आदत डालें। साथ ही, अगर भर्ती में शारीरिक दक्षता परीक्षा शामिल है तो फिटनेस पर भी ध्यान दें। नियमित दौड़, वॉक और सामान्य एक्सरसाइज को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना फायदेमंद रहेगा।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article