एजुकेशन

DU का छात्रों को फाइनेंशियल सपोर्ट, आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की फीस होगी माफ, जानें कौन कर सकता है आवेदन

Delhi University FSS 2026: DU द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की फीस में सहायता करने के लिए फाइनेंशियल सपोर्ट स्कीम के लिए आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। इस स्कीम का लाभ प्राप्त करने की इच्छा रखने वाले छात्र आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

Image

Delhi University FSS 2026 (Photo - AI/Newsroom Verified)

Delhi University FSS 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपनी 'फाइनेंशियल सपोर्ट स्कीम' (Financial Support Scheme - FSS) की शुरुआत कर दी है। विश्वविद्यालय की इस जनकल्याणकारी योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी छात्रों को वित्तीय सहायता और फीस में राहत प्रदान करना है। डीयू प्रशासन का मानना है कि पैसों की कमी के कारण किसी भी छात्र की उच्च शिक्षा आधे में न छूटे या फिर उसे केवल आर्थिक तंगी के कारण हायर एजुकेशन प्राप्त करने का अवसर ही न मिले। इस योजना के माध्यम से हजारों जरूरतमंद छात्रों को अपनी पढ़ाई बिना किसी वित्तीय तनाव के पूरी करने का अवसर मिलेगा। तो आइए आपको इस स्कीम के बारे में और इसके लिए कौन आवेदन कर सकता है, कैसे आवेदन कर सकता है आदि के बारे में विस्तार से बताएं।

किसे कितनी मिलेगी फीस में छूट?

दिल्ली विश्वविद्यालय की फाइनेंशियल सपोर्ट स्कीम ने छात्रों की पारिवारिक वार्षिक आय के आधार पर फीस माफी को मुख्य रूप से दो श्रेणियों में विभाजित किया है। इसके आधार पर किसी छात्र की फीस पूरी तरह से माफ की जाएगी और किसकी 50 प्रतिशत फीस माफ की जाएगी।

इन छात्रों की होगी 100% फीस माफी

ऐसे छात्र जिनके परिवार की कुल वार्षिक आय 4,00,000 रुपये या उससे कम है, उन्हें विश्वविद्यालय द्वारा उनकी ट्यूशन फीस और अन्य लागू शुल्कों पर 100% तक की छूट या वित्तीय सहायता दी जाएगी।

इन छात्रों की होगी 50% फीस माफी

ऐसे छात्र जिनके परिवार की वार्षिक आय 4,00,001 से लेकर 8,00,000 रुपये के बीच है, उन अभ्यर्थियों को उनकी फीस में 50% की राहत प्रदान की जाएगी।

योजना का लाभ उठाने के लिए क्या है एलिजिबिलिटी

- इस स्कीम का लाभ उठाने के लिए छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय के किसी भी विभाग या संबद्ध कॉलेज में अंडरग्रेजुएट या पोस्टग्रेजुएट कोर्स में नियमित रूप यानी फुल टाइम रेगुलर कोर्स में एनरोल होना चाहिए।

- छात्र का पिछले सेमेस्टर या वर्ष में कोई बैकलाग या अनुत्तीर्ण रिकॉर्ड नहीं होना चाहिए।

- परिवार की कुल वार्षिक आय ₹8 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

  • इनकम प्रमाण पत्र (सक्षम प्राधिकारी (तहसीलदार या राजस्व अधिकारी) द्वारा जारी नवीनतम आय प्रमाण पत्र)
  • फीस की रसीद (वर्तमान शैक्षणिक सत्र की फीस रसीद)
  • बैंक पासबुक की प्रति (खाता छात्र के नाम पर होना अनिवार्य है)
  • पिछली परीक्षा की मार्कशीट
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • डिजिटल साइन
  • निवास प्रमाण पत्र
  • आधार कार्ड की प्रति

आवेदन कैसे करें?

स्टेप 1 - दिल्ली विश्वविद्यालय के आधिकारिक du.ac.in पर जाएं।

स्टेप 2 - 'Financial Support Scheme 2026-27' के लिंक पर क्लिक करें।

स्टेप 3 - अब रजिस्ट्रेशन के लिए दिए गए QR Code पर क्लिक करें।

स्टेप 3 - नए खुले पेज पर मांगी गई सारी जानकारी और सभी आय और शैक्षणिक दस्तावेजों को स्कैन करके अपलोड करें।

स्टेप 4 - आवेदन फार्म भरने के बाद सारी जानकारी चेक करें और आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट लें।

स्टेप 4 - आवेदन पत्र को अपने कॉलेज/विभाग के नोडल अधिकारी से वेरीफाई कराकर जमा करें।

क्या है आवेदन की अंतिम तिथि

इस स्कीम के लिए आवेदन करने की इच्छा रखने वाले उम्मीदवारों को बता दें कि इसके लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 13 अक्टूबर 2026 है। आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास 17 दिन का समय बाकी रह गया है। इसके बाद आवेदन विंडो क्लोज हो जाएगी और किसी भी स्थिति में फॉर्म स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article