एजुकेशन

न्यूजीलैंड में विदेशी छात्रों के लिए खुशखबरी, नए वर्क वीजा सुविधा के तहत 6 महीने तक कर सकेंगे नौकरी

Education in New Zealand: न्यूजीलैंड सरकार 16 नवंबर 2026 से योग्य अंतरराष्ट्रीय ग्रेजुएट्स के लिए Short-Term Graduate Work Visa शुरू करेगी। इस वीजा के जरिए ऐसे छात्र पढ़ाई पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड में रहकर नौकरी तलाश सकेंगे।

Image

न्यूजीलैंड में विदेशी छात्रों के लिए नया वर्क वीजा

Education in New Zealand: न्यूजीलैंड में पढ़ाई करने वाले विदेशी छात्रों के लिए एक नई सुविधा शुरू होने जा रही है। न्यूजीलैंड सरकार 16 नवंबर 2026 से योग्य विदेशी छात्रों के लिए Short-Term Graduate Work Visa शुरू करेगी। इस वीजा के जरिए ऐसे छात्र पढ़ाई पूरी करने के बाद न्यूजीलैंड में रहकर नौकरी तलाश सकेंगे और आगे के वर्क वीजा के विकल्प भी देख सकेंगे।

यह सुविधा खास तौर पर उन ग्रेजुएट्स के लिए होगी, जो मौजूदा Post-Study Work Visa के लिए पात्र नहीं हैं। Immigration New Zealand (INZ) के अनुसार, नए वीजा के तहत अधिकतम छह महीने तक काम करने की अनुमति होगी।

कौन ले सकेगा वर्क वीजा?

इस वीजा के लिए आवेदक ने न्यूजीलैंड में NZQCF Level 5, 6 या 7 की योग्य पढ़ाई पूरी की होनी चाहिए। कोर्स फुल-टाइम होना जरूरी है और इसकी पढ़ाई कम से कम 24 सप्ताह की होनी चाहिए। साथ ही, उस योग्यता के आधार पर आवेदक पहले से Post-Study Work Visa के लिए योग्य नहीं होना चाहिए।

इंग्लिश लैंग्वेज, फाउंडेशन और ब्रिजिंग (Bridging) क्वालिफिकेशन इस वीजा के लिए मान्य नहीं होंगी। आवेदक के पास कम से कम NZD 5,000 की उपलब्ध राशि भी होनी चाहिए। इसके अलावा स्वास्थ्य और चरित्र से जुड़ी निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी।

इस वीजा की खास बात यह है कि इसके लिए पहले से नौकरी का ऑफर जरूरी नहीं होगा। वीजा मिलने के बाद ग्रेजुएट निर्धारित शर्तों के तहत किसी भी नियोक्ता (Employer) के साथ काम कर सकता है। यह वीजा सिर्फ एक बार दिया जाएगा और इसे आगे बढ़ाया नहीं जा सकेगा। छात्र वीजा खत्म होने के तीन महीने के अंदर इसके लिए आवेदन करना होगा।

Graduate Diploma करने वालों को भी मिलेगा फायदा

न्यूजीलैंड ने मौजूदा Post-Study Work Visa के नियमों में भी बदलाव किया है। 16 नवंबर 2026 से न्यूजीलैंड में योग्य NZQCF Level 7 Graduate Diploma पूरा करने वाले छात्र भी इस वीजा के लिए पात्र हो सकते हैं, अगर उनके पास Bachelor’s degree है। यह डिग्री न्यूजीलैंड या किसी दूसरे देश से हो सकती है।

Graduate Diploma की पूरी पढ़ाई न्यूजीलैंड में फुल-टाइम करनी होगी। इस आधार पर अधिकतम एक साल तक Post-Study Work Visa मिल सकता है। इसके लिए Bachelor’s degree और आधिकारिक अकादमिक ट्रांसक्रिप्ट का प्रमाण देना होगा।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article