एजुकेशन

DU प्रोफेसर को थप्पड़ मारने वाला छात्र सस्पेंड, मामले को लेकर 12 बजे उमंग भवन में शिक्षकों का हल्ला बोल

DU के Law Faculty में रिसर्च स्कॉलर द्वारा प्रोफेसर को थप्पड़ मारने की घटना की वीडियो वायरल होने के बाद फैकल्टी के सभी टीचर्स आज दोपहर 12 बजे उमंग भवन में विरोध करने वाले हैं। उनकी मांग कैंपस में टीचर्स की सुरक्षा को लेकर है।

Image

DU प्रोफेसर को थप्पड़ मारने वाला छात्र सस्पेंड

दिल्ली यूनिवर्सिटी (DU) के लॉ फैकल्टी (Law Faculty) में एक प्रोफेसर पर रिसर्च स्कॉलर द्वारा किए गए फिजिकल अटैक के बाद टीचरों का गुस्सा फूट पड़ा है। इस घटना के विरोध में लॉ फैकल्टी के सभी टीचर आज दोपहर 12 बजे परिसर में स्थित 'उमंग भवन' में एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। बता दें कि फैकल्टी के टीचर्स द्वारा यह कदम स्कॉलर द्वारा प्रोफेसर को थप्पड़ मारने की सीसीटीवी वीडियो वायरल होने और आरोपी पीएचडी स्कॉलर शुभम सिंह को निलंबित किए जाने के बाद उठाया गया है। इस घटना के बाद यूनिवर्सिटी ने आरोपी छात्र के कैंपस प्रवेश पर रोक लगाते हुए तीन सदस्यीय स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया है और इस मामले को लेकर मॉरिस नगर थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

उमंग भवन में 12 बजे टीचर का विरोध प्रदर्शन

लॉ फैकल्टी में घटी इस हिंसक घटना के बाद से टीचरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले पर 'डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट' (DTF) सहित विभिन्न शिक्षक संगठनों ने स्पष्ट किया है कि केवल छात्र को सस्पेंड कर देने समस्या का समाधान नहीं है। टीचरों का कहना है कि कैंपस में प्रोफेसर के सम्मान और सुरक्षा के साथ लगातार समझौते किए जा रहे हैं। इसी कारण परिसर में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आज दोपहर 12 बजे लॉ फैकल्टी के उमंग भवन में बड़ी संख्या में टीचर एकत्रित होने वाले हैं। उनकी मांग की है कि दोषी छात्र पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए और प्रशासन ऐसे इंतजाम करे ताकि भविष्य में किसी प्रोफेसर पर हमला करने की कोई हिम्मत न कर सके।

'यह कोई पहली घटना नहीं'

शिक्षक संघ DTF ने इस घटना को कैंपस में प्रोफेसर की सुरक्षा पर मंडराते खतरे के रूप में देखा है। संगठन का कहना है कि विश्वविद्यालय में शिक्षकों को डराने, धमकाने और उनके साथ बदसलूकी करने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्हें उदाहरण के तौर पर, हाल ही में लॉ फैकल्टी के कई प्रोफेसरों के साथ छात्र की अभद्रता के बारे में बात की। इसके अलावा बीते वर्ष "डॉ. भीम राव आंबेडकर कॉलेज में भी डूसू (DUSU) की संयुक्त सचिव पर एक प्रोफेसर को थप्पड़ मारने का आरोप लगा था।" शिक्षकों का आरोप है कि प्रशासन की धीमी या अपर्याप्त प्रतिक्रिया के कारण अध्यापकों का भरोसा टूट रहा है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

क्या है पूरा मामला

प्रॉक्टर ऑफिस के अनुसार, प्रोफेसर को थप्पड़ मारने वाली घटना सुबह लगभग 10:30 बजे उमंग भवन में हुई। फुटेज में देखा गया कि एकेडमिक सेशन 2024-25 (फेज-II) में दाखिला लेने वाला पीएचडी छात्र शुभम सिंह पहले से प्रोफेसर का इंतजार कर रहा था और उनके बिल्डिंग में प्रवेश करते ही उन पर अटैक कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने ऑर्डिनेंस XV-B के तहत तुरंत कार्रवाई करते हुए छात्र को सस्पेंड कर दिया और कैंपस में उसके प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया। इस मामले को लेकर मॉरिस नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article