बिजनेस

सरकारी कर्मचारी की मौत के बाद किसे मिलेगी Family Pension? सबसे पहले किसका होगा अधिकार

अगर किसी सरकारी कर्मचारी की मौत हो जाए तो परिवार में फैमिली पेंशन किसे मिलेगी? किसका पहला अधिकार होगा? क्या माता-पिता और बच्चों का भी पेंशन पर अधिकार होता है?

Image

सरकारी कर्मचारी की मौत के बाद किसे मिलेगी फैमिली पेंशन (AI Generated Image)

केंद्र सरकार के किसी कर्मचारी या पेंशनभोगी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए फैमिली पेंशन (Family Pension) का प्रावधान है। हालांकि, सवाल यह उठता है कि अगर परिवार में एक से अधिक सदस्य हों तो पेंशन पाने का पहला अधिकार किसका होगा? आइए समझते हैं फैमिली पेंशन के नियम क्या कहते हैं-

पेंशन और पेंशनभोगी कल्याण विभाग (DoPPW) ने बीते महीने ही एक ऑफिस मेमोरेंडम जारी किया था। इसमें केंद्रीय सिविल सेवा (पेंशन) नियम, 2021 के नियम 50 के तहत परिवार के पात्र सदस्यों को फैमिली पेंशन देने का प्राथमिकता क्रम बताया गया है। इसके मुताबिक, सामान्य परिस्थितियों में सबसे पहले जीवित पति या पत्नी को पेंशन मिलेगी। इसके बाद बच्चों और फिर आश्रित माता-पिता का नंबर आता है।

पेंशन का पहला हकदार कौन होगा?

नियमों के मुताबिक, कर्मचारी या पेंशनभोगी की मृत्यु के बाद जीवित कानूनी जीवनसाथी फैमिली पेंशन पाने का पहला हकदार होता है। इसमें रिटायरमेंट के बाद शादी करने वाला जीवनसाथी भी शामिल हो सकता है। जब तक पति या पत्नी पेंशन पाने के पात्र हैं, तब तक बच्चों को यह पेंशन नहीं मिलेगी। जीवनसाथी की मृत्यु या पात्रता समाप्त होने के बाद ही बच्चों का दावा माना जाएगा।

बच्चों में सबसे पहले किसे मिलेगी पेंशन?

जीवनसाथी की पात्रता खत्म होने के बाद बच्चों को फैमिली पेंशन दी जा सकती है। इसमें जैविक बच्चों के अलावा गोद लिए गए बच्चे, सौतेले बच्चे और कर्मचारी की रिटायरमेंट या मृत्यु के बाद जन्मे बच्चे भी शामिल हैं। एक से अधिक पात्र बच्चे होने पर जन्म के क्रम में सबसे बड़े बच्चे को प्राथमिकता मिलेगी।

पहली श्रेणी के बच्चों की पेंशन 25 साल की उम्र पूरी होने, शादी होने या कमाई शुरू करने में से जो भी पहले हो, उस समय बंद हो जाती है।

दिव्यांग बच्चों और बेटियों के लिए भी नियम

पहली श्रेणी में कोई पात्र बच्चा नहीं होने पर मानसिक या शारीरिक दिव्यांगता वाले बच्चों को जन्म क्रम के अनुसार पेंशन मिल सकती है। उनकी पेंशन कमाई शुरू होने तक जारी रहती है और शादी से पात्रता खत्म नहीं होती। इसके बाद अविवाहित, विधवा या तलाकशुदा बेटियों को मौका मिलता है। इनके लिए माता-पिता पर निर्भरता और कमाई नहीं करने जैसी शर्तें लागू होती हैं।

माता-पिता और भाई-बहनों का कब आता है नंबर

जीवनसाथी और बच्चों की पात्रता खत्म होने के बाद आश्रित माता-पिता, जिनमें गोद लेने वाले माता-पिता भी शामिल हैं, पेंशन के पात्र हो सकते हैं। इनमें मां को पिता से पहले प्राथमिकता मिलेगी। सबसे आखिर में मानसिक या शारीरिक दिव्यांगता वाले आश्रित भाई-बहनों को मौका मिलता है।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article