Top Colleges for Girls in Delhi: यूपी, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश समेत देश के विभिन्न राज्यों के स्टूडेंट्स पढ़ाई के लिए बड़ी संख्या में दिल्ली की ओर रुख करते हैं। बदलते वक्त के साथ देश की तमाम लड़कियां भी अब अच्छे संस्थान से शिक्षा प्राप्त करना चाहती हैं। जब बात हो अच्छे संस्थानों की तो दिल्ली विश्वविद्यालय का नाम सबसे पहले आता है। यहां देश के हर कोने से स्टूडेंट्स कम फीस, बेहतर माहौल और उच्च शिक्षा के लिए आते हैं।
डीयू में यूजी और पीजी कोर्स में दाखिला (DU Admission 2023) सीयूईटी के जरिए किया जा रहा है। यूजी कोर्स में प्रवेश के लिए कक्षा 12वीं परीक्षा पास होना अनिवार्य है। वहीं, पीजी कोर्स में प्रवेश के लिए बैचलर्स की डिग्री होनी चाहिए। अगर आप भी दिल्ली विश्वविद्यालय में एडमिशन का सपना देख रहे तो यहां हम लड़कियों के लिए टॉप पांच कॉलेज (Girl's College in Delhi) बताने जा रहे हैं।
मिरांडा हाउस (Miranda House)
दिल्ली यूनिवर्सिटी के कॉलेज मिरांडा हाउस की स्थापना 1948 में की गई थी। मिरांडा हाउस डीयू के प्रतिष्ठित गर्ल्स कॉलेजों में से एक है। यह पिछले 7 साल से यानी 2017 से NIRF रैंकिंग में टॉप पर है। मिरांडा हाउस आर्ट्स और साइंस के क्षेत्र में 3500 से अधिक स्टूडेंट्स को शिक्षा प्रदान करता है। सभी कोर्स के लिए फीस अलग अलग है। हालांकि, 29 हजार से 76 हजार के बीच आप कोई भी कोर्स कर सकते हैं। यहां आपको लाइब्रेरी, लैबोरेटरी, क्लासरूम, हॉस्टल, कैफेटेरिया, स्पोर्ट्स और प्लेसमेंट सेल सहित अन्य कई सुविधाएं मिलेंगी।
लेडी श्री राम कॉलेज फॉर विमेन (Lady Shri Ram College)
श्रीराम कॉलेज फॉर विमेन (LSR) की स्थापना साल 1965 में हुई थी। एनआईआरएफ रैंकिंग 2023 में इसे कॉलेज कैटेगरी में 9वां स्थान दिया गया है। वहीं, साल 2022 में एलएसआर को इंडिया टुडे द्वारा आर्ट्स में चौथा और साइंस कैटेगरी में 14वां स्थान मिला। इस कॉलेज में कंप्यूटर साइंस, इंग्लिश और इकोनॉमिक्स सहित कुल 25 विषयों में यूजी और पीजी कोर्स प्रदान किए जाते हैं। यहां औसतन 45 हजार रुपए से 1.63 लाख रुपए तक यूजी, पीजी या सर्टिफिकेट कोर्स कर सकते हैं।
गार्गी कॉलेज (Gargi College)
गार्गी कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय का एक प्रमुख साउथ कैंपस कॉलेज है। इसकी स्थापना 1967 में हुई थी। गार्गी कॉलेज को भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा स्टार कॉलेज का दर्जा देकर सम्मानित किया गया है। यह कॉलेज महिलाओं के लिए है और यहां आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स के क्षेत्र में शिक्षा प्रदान की जाती है। गार्गी कॉलेज में अलग अलग कोर्स के लिए फीस 24 हजार रुपए से 75 हजार रुपए के बीच है।
लेडी इरविन कॉलेज (Lady Irwin College)
लेडी इरविन कॉलेज दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध एक प्रमुख संस्थान है। यह कॉलेज 1932 में सिर्फ 11 स्टूडेंट्स के साथ शुरू किया गया था जो कि आज साउथ एशिया में होम साइंस का सबसे प्रीमियर इंस्टिट्यूट है। लेडी इरविन कॉलेज फूड टेक्नोलॉजी और होम साइंस में ग्रेजुएट व पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स प्रदान करता है। यहां विभिन्न कोर्सेज की फीस 37 हजार से 79 हजार रुपए के बीच है।
जीसस एंड मैरी कॉलेज (Jesus & Mary College)
जेएमसी की स्थापना 1968 में सिस्टर्स ऑफ जीसस एंड मैरी कॉन्ग्रिगेशन द्वारा की गई थी। यह दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) से संबद्ध एक वुमेन्स कॉलेज है। इसे NAAC द्वारा ग्रेड ए मान्यता भी प्राप्त है। जीसस एंड मैरी कॉलेज में बीए, बीएलएड और एमए कोर्सेज में दाखिला दिया जाता है। जेएमसी में 15 हजार से लेकर 1.97 लाख तक में कोई भी कोर्स कर सकते हैं।
How to get Admission in DU: डीयू में कैसे मिलेगा दाखिला
डीयू के किसी भी कॉलेज में एडमिशन के लिए स्टूडेंट्स का सीयूईटी परीक्षा पास करना जरूरी है। वहीं, एडमिशन के लिए कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम यानि CSAS पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। यहां रजिस्टर करने के बाद स्टूडेंट्स को कॉलेज और सब्जेक्ट चुनना होगा। CUET रिजल्ट जारी होने के बाद आपका स्कोर इस वेबसाइट पर भी आ जाएगा। स्कोर के हिसाब से ही कॉलेज आवंटित होगा। अधिक जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर भी चेक कर सकते हैं।
