Best Course After 12th: CBSE, ICSE Board समेत कई राज्यों में बोर्ड परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बोर्ड परीक्षाओं के खत्म होते ही कॉलेज में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। ऐसे में 12वीं के छात्र अपने आगे की पढ़ाई के लिए सही कोर्स का चुनाव अभी से कर लें। 12वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों को सबसे ज्यादा कंफ्यूजन ग्रेजुएशन के लिए कोर्स (UG Course) चुनने में होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए दो अहम कोर्स BBA और BCA की डिटेल्स यहां देख सकते हैं।
इंटरमीडिएट में कॉमर्स लेने वाले ज्यादातर छात्र बीकॉम करते हैं। इसी तरह आर्ट्स से 12वीं करने वाले छात्र बीए और साइंस के छात्र BSc या BTech कोर्स में दाखिला लेते हैं। हालांकि, इसके अलावा बीबीए या बीसीए जैसे कोर्स का विकल्प भी छात्रों के सामने है। आइए विस्तार से जानते हैं कि बीबीए और बीसीए कोर्स में कौन सा कोर्स बेहतर है।
क्या है BBA?
BBA Course का पूरा नाम बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन है। यह कोर्स पूरी तरह बिजनेस और मैनेजमेंट स्टडीज पर डिपेंड होता है। इस कोर्स में केवल थ्योरी ही नहीं बल्कि छात्रों के कम्यूनिकेशन स्किल्स पर भी ध्यान दिया जाता है। यह एक तीन साल का प्रोफेशनल कोर्स है जिसे लगभग सभी बड़ी यूनिवर्सिटी में चलाया जा रहा है।
क्या है BCA?
BCA Course का अर्थ है बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन। यह कोर्स कंप्यूटर स्टडीज के लिए होता है। इसमें कंप्यूटर के अपडेटेड सॉफ्टवेयर से लेकर कंप्यूटर लैंग्वेज प्रोग्राम की पढ़ाई होती है। इस कोर्स में डाटाबेस, नेटवर्किंग, प्रोग्रामिंग लैंग्वेज जैसे C, C++ और जावा आदि के बारे में जानकारी दी जाती है। यह कोर्स भी तीन साल में कर सकते हैं।
किस कोर्स में करियर स्कोप ज्यादा?
बीबीए कोर्स करने के बाद बैंकिंग, रियल स्टेट एंड अर्बन इन्फ्रॉस्ट्रक्चर, बिजनेस ऑपरेशन, फाइनेंस, डाटा एनालिस्ट, डिजिटल मार्केटिंग और कंटेंट डिस्ट्रीब्यूटर जैसे सेक्टर में नौकरी पा सकते हैं। इसके अलावा मैनेजमेंट सेक्टर में भी हाई सैलरी पर बीबीए डिग्री रखने वालों को जॉब ऑफर किए जाते हैं। इस कोर्स के बाद प्राइवेट सेक्टर में शुरुआती सैलरी 3 से 6 लाख रुपये सालाना की हो सकती है।
बीसीए करने के बाद कंप्यूटर प्रोग्रामिंग, साइबर सिक्योरिटी, एल्गोरिदम डिजाइनर, नेटवर्क इंजीनियर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे फील्ड में नौकरी के कई विकल्प हैं। इस कोर्स के बाद प्राइवेट सेक्टर में सालाना 3 लाख से 8 लाख रुपये की नौकरी हासिल कर सकते हैं। इसके अलावा सरकारी विभागों में भी अब बीसीए डिग्री धारकों के लिए वैकेंसी जारी होती है।
