एजुकेशन

DU Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय में एक वर्षीय पीजी कोर्स में दाखिले की शुरुआत, 28 पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश का मौका

Delhi University Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शुरू किए गए एक वर्षीय पोस्टग्रेजुएट (PG) कार्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Image

दिल्ली विश्वविद्यालय में एक वर्षीय पीजी कोर्स में दाखिले की शुरुआत

Delhi University Admission 2026: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत शुरू किए गए एक वर्षीय पोस्टग्रेजुएट (PG) कार्यक्रमों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यूनिवर्सिटी ने इस शैक्षणिक सत्र के लिए कुल 28 एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में एडमिशन के मौके उपलब्ध कराए हैं। यह पहला मौका है जब दिल्ली विश्वविद्यालय चार वर्षीय स्नातक (FYUP/UGCF) पूरा कर चुके पात्र विद्यार्थियों के लिए एक वर्षीय मास्टर डिग्री कार्यक्रम का संचालन कर रहा है।

क्या है अंतर

डीयू का कहना है कि एक वर्षीय पीजी कार्यक्रम पारंपरिक दो वर्षीय पोस्टग्रेजुएट कोर्स का विकल्प नहीं बल्कि एक अतिरिक्त शैक्षणिक अवसर है। दोनों तरह के पाठ्यक्रम एक साथ संचालित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक पृष्ठभूमि और भविष्य की योजनाओं के अनुसार विकल्प चुनने की सुविधा मिलेगी।

मेरिट के आधार पर एडमिशन

विश्वविद्यालय के अनुसार, इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा। आवेदन केवल वही छात्र कर सकेंगे जिन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय के चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम को निर्धारित पात्रता शर्तों के साथ पूरा किया है। प्रत्येक पाठ्यक्रम के लिए अलग-अलग योग्यता मानदंड निर्धारित किए गए हैं, जिन्हें अभ्यर्थी आधिकारिक एडमिशन पोर्टल पर देख सकते हैं।

कैसे करना है आवेदन

इच्छुक अभ्यर्थी दिल्ली विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, महत्वपूर्ण तिथियों, सीटों और आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय द्वारा जारी सूचना पुस्तिका (Bulletin of Information) में उपलब्ध है। उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें और सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरें।

क्या होगा इसका फायदा

राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत शुरू किए गए इस नए मॉडल का उद्देश्य उच्च शिक्षा को आसान और बहु-विकल्पीय बनाना है। चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा करने वाले विद्यार्थियों को अब एक वर्ष में मास्टर डिग्री हासिल करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनका समय बचेगा और वे जल्दी शोध, प्रतियोगी परीक्षाओं या रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ सकेंगे।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article