Delhi School New Guidelines: भीषण गर्मी को देखते हुए शिक्षा निदेशालय की तरफ से राजधानी के सभी स्कूलों को एडवाइजरी जारी की है। निर्देशों के मुताबिक, सभी स्कूलों को 2 मई तक अपनी कंप्लायंस रिपोर्ट जमा करनी होगी, जिसमें हीट वेव से बचाव के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी देनी होगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि गर्मी के दौरान बच्चों की सुरक्षा स्कूलों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। हर 45 मिनट से 1 घंटे के बीच ‘वॉटर बेल’ बजाई जाएगी, ताकि छात्र नियमित रूप से पानी पी सकें। साथ ही स्कूलों में साफ और ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना अनिवार्य किया गया है।
Delhi School New Guidelines: हर स्कूल में होगा नोडल अधिकारी
हर स्कूल में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो यह सुनिश्चित करेगा कि सभी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन हो। स्कूल प्रशासन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि भीषण गर्मी के दौरान किसी भी तरह की आउटडोर क्लास, खेलकूद या अन्य गतिविधियां धूप में न कराई जाएं।
सीएम रेखा गुप्ता ने अभिभाकों से की अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को हल्के और कॉटन के कपड़े पहनाकर स्कूल भेजें। साथ ही उन्होंने कहा कि माता-पिता नियमित रूप से यह सुनिश्चित करें कि स्कूलों में सभी सुरक्षा उपाय लागू हो रहे हैं। यदि कहीं लापरवाही नजर आए, तो इसकी जानकारी तुरंत जिला प्रशासन या स्कूल प्रबंधन को दें।
आईएमडी की जानकारी
इसके अलावा, स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे क्लास के व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए भारतीय मौसम विभाग (IMD) द्वारा जारी अलर्ट और दिशानिर्देश अभिभावकों तक लगातार पहुंचाते रहें। दिल्ली सरकार का कहना है कि हीट वेव से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है और सभी संबंधित एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह की कमी न रहे।
