एजुकेशन

CLAT UG 2025: 'क्लैट' स्नातक-2025 प्रश्नावली में त्रुटियों से जुड़ी याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित

CLAT UG 2025 News: दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार 9 अप्रैल को उन याचिकाओं पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया, जिनमें संयुक्त विधि प्रवेश परीक्षा (क्लैट) स्नातक-2025 प्रश्नावली में कुछ त्रुटियों का आरोप लगाया गया था।

Image

'क्लैट' स्नातक-2025

CLAT UG 2025 News: दिल्ली उच्च न्यायालय ने बुधवार 9 अप्रैल को उन याचिकाओं पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया, जिनमें संयुक्त विधि प्रवेश परीक्षा (क्लैट) स्नातक-2025 प्रश्नावली में कुछ त्रुटियों का आरोप लगाया गया था। मुख्य न्यायाधीश डी.के. उपाध्याय और न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की खंडपीठ ने दिसंबर 2024 में परीक्षा में बैठने वाले उम्मीदवारों और राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय संघ (सीएनएलयू) के वकीलों की ओर से विवादित प्रश्नों पर दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया।

पिछले वर्ष दिसंबर में आयोजित संयुक्त विधि प्रवेश परीक्षा (क्लैट), 2025 से देश के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश निर्धारित होता है।

अगली सुनवाई 21 अप्रैल को

इस बीच, पीठ ने क्लैट स्नातकोत्तर-2025 में कुछ प्रश्नों के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई के लिए 21 अप्रैल की तारीख तय की। परीक्षा में कई प्रश्न गलत होने का आरोप लगाते हुए उच्च न्यायालयों में कई याचिकाएं दायर की गईं। अदालत ने NLUs का प्रतिनिधित्व करने वाले वकील को दो सप्ताह के भीतर जवाबी हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया था।

उच्चतम न्यायालय ने छह फरवरी को इस मुद्दे पर सभी याचिकाओं को “सुसंगत निर्णय” के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय स्थानांतरित कर दिया था।

शीर्ष अदालत ने सीएनएलयू की स्थानांतरण याचिकाओं पर यह निर्देश पारित किया।

क्या था मामला

पिछले साल, CLAT 2025 परीक्षा, जो देश भर के राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर कानून पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होती है, 1 दिसंबर को आयोजित की गई थी। रिजल्ट और आंसर की 7 दिसंबर, 2024 को जारी की गई थी। हालांकि, कई उम्मीदवारों ने अदालतों का दरवाजा खटखटाया, उनका दावा था कि प्रश्न पत्र और उत्तर कुंजी में त्रुटियां थीं।

भाषा इनपुट के साथ

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article