बिजनेस

चांदी 14 महीने के निचले स्तर पर, सोना भी जबरदस्त फिसला; जानिए कीमतों में भारी गिरावट की असली वजह और आगे की चाल

Gold and Silver Prices: हाल के दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट आई है, जिससे चांदी 14 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई है। आइए जानते हैं आखिर यह क्यों हो रहा है।

Image

क्यों लुढ़के सोना-चांदी

Photo : iStock

Gold and Silver Prices: वैश्विक और घरेलू सर्राफा बाजार में इन दिनों भारी उथल-पुथल देखने को मिल रही है। एक तरफ जहां चांदी की कीमतें फिसलकर 14 महीने के निचले स्तर के करीब पहुंच गई हैं, वहीं दूसरी तरफ सोने के भाव में भी बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना सितंबर 2025 के बाद पहली बार 3,800 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे लुढ़क गया। इस तेज गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि हालिया बिकवाली के चलते सोने और चांदी की कुल मार्केट वैल्यू से करीब 400 अरब डॉलर साफ हो गए हैं।

अमेरिकी फेडरल रिजर्व के सख्त रुख से बिगड़ा बाजार का मूड

कीमती धातुओं में आई इस बड़ी गिरावट के पीछे सबसे मुख्य कारण अमेरिकी केंद्रीय बैंक यानी फेडरल रिजर्व के अधिकारियों के ताजा बयान हैं। सेंट लुइस फेड के अध्यक्ष अल्बर्टो मुसालेम ने संकेत दिया है कि अमेरिका में जिद्दी महंगाई को काबू करने के लिए अगले साल वसंत ऋतु से पहले ब्याज दरों में कई बार बढ़ोतरी की जरूरत पड़ सकती है। वहीं, न्यूयॉर्क फेड के अध्यक्ष जॉन विलियम्स ने भी कहा है कि महंगाई को 2 प्रतिशत के लक्ष्य तक वापस लाने के लिए केंद्रीय बैंक को अभी और काम करना बाकी है। इन बयानों के बाद बाजार यह मानकर चल रहा है कि दिसंबर में भी ब्याज दरों में एक और बढ़ोतरी हो सकती है।

चूंकि सोना और चांदी कोई ब्याज नहीं देते, इसलिए जब अमेरिका में ब्याज दरें और ट्रेजरी यील्ड बढ़ती हैं, तो निवेशक सर्राफा बाजार से पैसा निकालकर डॉलर और बॉन्ड जैसे विकल्पों की ओर रुख करते हैं। इसके अलावा, फेड चेयरमैन केविन वार्श ने भी अपने हालिया बयान में मौद्रिक नीति पर कोई सीधा संकेत देने से परहेज किया, जिससे बाजार में अनिश्चितता और बढ़ गई। अब सभी की निगाहें फेड की बैठक के मिनट्स पर टिकी हैं, जिससे भविष्य की ब्याज दरों की दिशा स्पष्ट होगी।

वैश्विक और घरेलू बाजार में सोने-चांदी का ताजा हाल

अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड लगातार फिसलकर 18 नवंबर 2026 के दोपहर तक 3,778 डॉलर प्रति औंस के करीब आ गया। वहीं, चांदी की बात करें तो गिरकर 45.86 डॉलर प्रति औंस पर आ गई थी, जो इसका 14 महीने से अधिक का निचला स्तर है। घरेलू वायदा बाजार यानी एमसीएक्स (MCX) पर भी वैश्विक कमजोरी का असर साफ दिखा। एमसीएक्स पर चांदी 1,64,200 रुपये प्रति किलो पर कारोबार करती दिखी, जबकि सोना 0.17 प्रतिशत की मामूली तेजी के साथ 1,31,242 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर रहा।

सोने के मुकाबले चांदी पर क्यों है ज्यादा दबाव?

बाजार एक्सपर्ट्स का मानना है कि सोने की तुलना में चांदी पर बिकवाली का दबाव कहीं ज्यादा है। बोनन्जा पोर्टफोलियो के सीनियर रिसर्च एनालिस्ट निरपेंद्र यादव के मुताबिक, चांदी की दोहरी भूमिका यानी एक कीमती धातु और एक औद्योगिक धातु होना ही इसके लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। साल 2026 में वैश्विक स्तर पर चांदी की औद्योगिक मांग कमजोर रहने की आशंका जताई जा रही है, जिससे इसकी कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है। इसके अलावा, वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) के आंकड़े बताते हैं कि 2026 की तीसरी तिमाही में रिकॉर्ड निवेश के बाद इस तिमाही में एक्सचेंज-traded फंड (ETF) निवेशक बाजार से दूरी बनाए हुए हैं। हालांकि केंद्रीय बैंक अभी भी शुद्ध खरीदार बने हुए हैं, लेकिन आम ग्राहकों के बीच सोने के सिक्कों और बार की मांग में सुस्ती आई है।

आगे क्या कहते हैं जानकार: कहां है सपोर्ट और रेजिस्टेंस?

मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक ओवरसी-चाइनीज बैंकिंग कॉर्पोरेशन के रणनीतिकार क्रिस्टोफर वोंग का कहना है कि जब तक सोना 4,000 डॉलर के स्तर से नीचे बना रहेगा, तब तक बाजार में नई बिकवाली का जोखिम बना रहेगा। ऑगमोंट की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, कीमती धातुओं ने अपने महत्वपूर्ण सपोर्ट स्तर तोड़ दिए हैं, इसलिए आगे और गिरावट की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। तकनीकी स्तरों की बात करें तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के लिए 47 डॉलर और 45.5 डॉलर पर सपोर्ट है, जबकि ऊपर की तरफ 50.70 से 52 डॉलर के बीच कड़ा रेजिस्टेंस है। जब तक चांदी 50-52 डॉलर के दायरे को दोबारा हासिल नहीं करती, तब तक हर उछाल पर बिकवाली हावी हो सकती है। हालांकि, भारी गिरावट के कारण चांदी 'ओवरसोल्ड' जोन में पहुंच गई है, जिससे शॉर्ट-टर्म में हल्की तकनीकी रिकवरी की उम्मीद भी बनी हुई है।

घरेलू बाजार (MCX) में चांदी के लिए 1,60,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर मजबूत सपोर्ट है और 1,80,000 से 1,85,000 रुपये के स्तर पर रेजिस्टेंस देखा जा रहा है। वहीं, सोने के लिए एमसीएक्स पर 1,30,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर सपोर्ट और 1,47,000 रुपये पर रेजिस्टेंस है। भारतीय निवेशकों के लिए अंतरराष्ट्रीय कीमतों के साथ-साथ रुपये की चाल भी बेहद अहम रहेगी, क्योंकि रुपये की कमजोरी घरेलू बाजार में बड़ी गिरावट को कुछ हद तक थामने का काम कर सकती है।

(डिस्क्लेमर: यह आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है, निवेश की सलाह नहीं है, अगर आपको सोने-चांदी में निवेश करना है तो एक्सपर्ट्स की सलाह लें।)

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article