शहर

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का कहर, तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में 3 की मौत; 25 अन्य घायल

Delhi Mumbai Expressway Accident: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों का सिलसिला देखने को मिला। अलग-अलग जगहों पर हुए तीन हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Image

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए सड़क हादसों से मचा हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Delhi Mumbai Expressway Accident: राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार बताया कि पहला हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के गुड़लिया गांव के पास तब हुआ जब अहमदाबाद से दिल्ली जा रही स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।

इस हादसे में बस के चालक सुरेंद्र सिंह राजपूत (46) की मौत हो गई। वह अहमदाबाद के अमरेवाड़ी का रहने वाला था। हादसे में बस में सवार 21 यात्री घायल हो गए। दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के अनुसार स्लीपर बस अहमदाबाद से दिल्ली जा रही थी तभी वह ट्रक से टकरा गई। सूचना मिलने पर कोलवा और सदर पुलिस थानों की टीम मौके पर पहुंचीं। घायलों को कई एम्बुलेंस से दौसा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

ट्रक ड्राइवर मौके से फरार

पुलिस ने बताया कि दूसरा हादसा नांगल राजावतान थाना क्षेत्र के चूड़ियावास गांव के पास हुआ। उसने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। थाना प्रभारी हुसैन अली ने बताया कि चूड़ियावास निवासी 16 वर्षीय साहिल मीणा और जयपुर के बांसखो इलाके के उगास निवासी 22 वर्षीय महेंद्र मीणा एक्सप्रेसवे की रेलिंग के पास खड़े थे तभी लालसोट की ओर जा रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया।

कहां हुआ तीसरा हादसा?

पुलिस ने बताया कि परिजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पुलिस ट्रक ड्राइवर की तलाश कर रही है। पुलिस ने बताया कि तीसरा हादसा सदर थाना क्षेत्र के तहत एक्सप्रेसवे पर हुआ और एक अज्ञात वाहन ने चार लोगों को टक्कर मार दी जिससे वे घायल हो गए। चारों जयपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि घायलों की पहचान हरमाड़ा के लोकेश सिंह (25), कालवाड़ रोड के पीयूष अग्रवाल (27), वैशाली नगर के रुचिर व्यास (25) और श्याम नगर के लक्ष्मण नगर निवासी विनीत वर्मा (43) के तौर पर हुई है। चारों को इलाज के लिए दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article