CBSE: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा मिडिल ईस्ट के देशों की मौजूदा स्थिति को देखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। सीबीएसई ने एक्स (सोशल मीडिया) पर एक पोस्ट शेयर कर मिडिल ईस्ट के देशों में कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को पोस्टपोन करने की जानकारी दी है। पोस्ट के अनुसार, बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और यूएई में चल रहे मौजूदा हालातों की समीक्षा करने के बाद बोर्ड ने इन क्षेत्रों में 5 मार्च 2026 (गुरुवार) और 6 मार्च 2026 (शुक्रवार) को होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है।
यह निर्णय छात्रों की सुरक्षा और वहां की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए लिया गया है। बोर्ड ने जारी आधिकारिक नोटिस में यह भी बताया कि है 5 मार्च और 6 मार्च को जो परीक्षाएं होने वाली थी उनकी अब नई तिथियों की घोषणा की जाएगी। बोर्ड परिस्थितियों की समीक्षा करने के बाद नई तिथियां जारी करेगा।
आगामी परीक्षाओं पर CBSE का रुख
CBSE केवल वर्तमान स्थिति पर ही नहीं, बल्कि आने वाले समय पर भी ध्यान दे रहा है। बोर्ड द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, 5 मार्च 2026 को एक बार फिर से स्थिति की समीक्षा की जाएगी और इस समीक्षा के आधार पर यह तय किया जाएगा कि 7 मार्च 2026 और उसके बाद होने वाली परीक्षाओं का संचालन कैसे किया जाए। अगर आवश्यकता पड़ी तो बोर्ड द्वारा आगे भी कुछ परीक्षाएं स्थगित की जा सकती है। बोर्ड ने बताया कि उनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि छात्र बिना किसी तनाव या खतरे के अपनी परीक्षाएं दे सकें।
छात्रों और अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण निर्देश
CBSE ने कक्षा 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा से संबंधित छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे नवीनतम अपडेट के लिए लगातार अपने स्कूलों के संपर्क में रहें और सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर अपनी नजर बनाए रखें। साथ ही, आधिकारिक सूचनाओं और घोषणाओं को ध्यान से फॉलो करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड ने अफवाहों को लेकर भी यह स्पष्ट किया है कि छात्र और अभिभावक केवल स्कूलों या बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।
