BSEB 11th Spot Admission 2026: बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने शैक्षणिक सत्र 2026-28 के लिए कक्षा 11 में स्पॉट एडमिशन की आखिरी तारीख बढ़ा दी है। अब छात्र 9 जुलाई 2026 तक राज्य के +2 स्कूलों और इंटरमीडिएट संस्थानों में दाखिला ले सकते हैं। बोर्ड के इस फैसले से उन छात्रों को राहत मिली है जो पहले तय समय में एडमिशन नहीं ले पाए थे। BSEB ने OFSS के जरिए स्पॉट एडमिशन की प्रक्रिया पहले 25 जून से 1 जुलाई 2026 तक तय की थी। अब बोर्ड ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर जानकारी दी है कि स्पॉट एडमिशन की विंडो 9 जुलाई 2026 तक बढ़ा दी गई है।
इंटर में दाखिला लेने के इच्छुक छात्र अपने पसंदीदा +2 स्कूल या इंटरमीडिएट संस्थान के प्राचार्य से संपर्क कर सकते हैं। खाली सीटों और स्ट्रीम के आधार पर उन्हें स्पॉट एडमिशन दिया जाएगा। बोर्ड ने साफ किया है कि बिहार बोर्ड के अलावा CBSE, CISCE या किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास छात्र भी स्पॉट एडमिशन के लिए आवेदन कर सकते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: NEET का पूरा सिस्टम बदलेगा?, एक दिन नहीं, कई चरणों में हो सकती है परीक्षा!
Slide-Up वाले छात्रों के लिए जरूरी सूचना
जिन छात्रों को पहली, दूसरी या तीसरी OFSS मेरिट लिस्ट में Slide-Up विकल्प मिला था लेकिन वे अपग्रेड हुए संस्थान में एडमिशन नहीं ले पाए, उनके पुराने आवेदन रद्द कर दिए गए हैं। ऐसे छात्रों को इंटर में दाखिले के लिए स्पॉट एडमिशन के तहत नया आवेदन करना होगा। बोर्ड ने कहा है कि नया आवेदन न करने पर ऐसे छात्र इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2028 में बैठने के पात्र नहीं होंगे।
इंटरमीडिएट संस्थानों के लिए BSEB के निर्देश
बोर्ड ने सभी +2 स्कूलों और इंटर कॉलेजों को स्पॉट एडमिशन को लेकर ये निर्देश दिए हैं:
- खाली सीटों की जानकारी कैंपस में कम से कम तीन जगहों पर लगानी होगी।
- संबंधित स्ट्रीम और विषयों में उपलब्ध सीटों पर ही एडमिशन देना है।
- एडमिशन लेने वाले हर छात्र का विवरण OFSS पोर्टल पर अपडेट करना होगा।
- 10 जुलाई 2026 तक सभी एडमिशन का डेटा पोर्टल पर अपडेट करना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: बड़े सपनों को मिलेगी उड़ान, उच्च शिक्षा का सपना होगा आसान, जानें क्या है PM विद्यालक्ष्मी योजना
तकनीकी दिक्कत वाले संस्थानों को भी मौका
जिन संस्थानों ने तकनीकी समस्या या किसी और वजह से पहले छात्रों का एडमिशन ऑनलाइन अपडेट नहीं किया था, वे भी इस स्पॉट एडमिशन अवधि में पोर्टल पर अपडेट पूरा कर सकते हैं।
छात्रों के लिए सलाह
इंटर में एडमिशन लेने वाले छात्र आखिरी तारीख का इंतजार न करें। जल्द अपने पसंदीदा संस्थान में जाकर सीटों की जानकारी लें और प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। स्पॉट एडमिशन की गाइडलाइंस और नए अपडेट के लिए बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट और OFSS पोर्टल चेक करते रहें।
