लंबे इंतजार के बाद बिहार सरकार ने 32,388 पदों पर शिक्षक भर्ती का ऐलान कर दिया है। बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षक भर्ती परीक्षा- 4 यानी Teacher Recruitment Exam TRE 4 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। 1 सितंबर से इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और अभ्यर्थी 30 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आपको बता दें कि कुल पदों में 3847 पद पहली क्लास 1 से 5 वीं तक के लिए, 8563 पद छठी क्लास से लेकर 8वीं तक के लिए, 3877 पद 9वीं से 10वीं तक के लिए और 16101 पद 11वीं क्लास से लेकर 12वीं तक के लिए हैं।
पात्रता शर्तों की बात करें तो टीचर बनने के लिए स्कूलों के वर्ग के हिसाब से CTET, BTET, STET पास होना जरूरी है। जो कैंडिडेट इस साल यानी 2026 में STET परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, वह भी इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। बता दें कि छात्र लंबे समय से इस भर्ती के नोटिफिकेशन की मांग कर रहे थे। छात्रों ने 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था और उसके बाद शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर उनके आवास का घेराव करने की चेतावनी दी थी। इसके बाद सरकार ने मामले की गंभीरता को समझते हुए मंगलवार को नोटिफिकेशन जारी कर दिया।
पहली बार प्री और मेन्स
बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षक भर्ती परीक्षा में पहली बार प्री और मेन्स परीक्षा का पैटर्न लागू किया है। इस भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को पहले प्रारंभिक परीक्षा देनी होगी और फिर मुख्य परीक्षा। चयन प्रक्रिया में दोनों परीक्षाओं की अहम भूमिका होगी। इससे पहले तीन चरणों में एक ही परीक्षा के आधार पर शिक्षक भर्ती होती थी। मुख्य परीक्षा वस्तुनिष्ठ और बहुविकल्पीय होगी। इस परीक्षा में 150 सवाल पूछे जाएंगे। हर प्रश्न एक नंबर का होगा।
निगेटिव मार्किंंग
बिहार लोक सेवा आयोग ने शिक्षक भर्ती परीक्षा में पहली बार निगेटिक मार्किंग का भी प्रावधान किया है। इस परीक्षा में गलत उत्तर पर अंक कटेगा। निगेटिक मार्किंग का प्रावधान मुख्य परीक्षा में किया गया है। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक तिहाई अंक कटेगा।
