एजुकेशन

Bihar Havildar Instructor Vacancy 2026: बिहार में होमगार्ड इंस्ट्रक्टर की रिक्तियां, 12वीं पास युवाओं के पास बेहतरीन मौका

Bihar Havildar Instructor Vacancy: बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग ने बिहार होमगार्ड विभाग में अधिनायक अनुदेशक (हवलदार इंस्ट्रक्टर) के 122 पदों पर नियुक्ति का नोटिफिकेशन जारी किया है। अभ्यर्थी 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

Image

Bihar Havildar Instructor Vacancy 2026 (image - chatgpt)

Bihar Havildar Instructor Vacancy 2026: बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती निकाली है। आयोग ने बिहार होमगार्ड विभाग में अधिनायक अनुदेशक (हवलदार इंस्ट्रक्टर) के 122 पदों पर नियुक्ति का नोटिफिकेशन जारी किया है। खास बात यह है कि इस भर्ती में 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को लेवल-4 पे स्केल का लाभ मिलेगा।

किस वर्ग के लिए कितने पद

यह भर्ती बिहार सरकार के गृह विभाग (विशेष शाखा) के अंतर्गत निकाली गई है। आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 05/2026 के अनुसार कुल 122 रिक्तियां विभिन्न वर्गों के लिए आरक्षित हैं। इनमें सामान्य वर्ग के लिए सबसे अधिक 48 सीटें रखी गई हैं। (BPSSC) इसके अलावा EBC के लिए 22, SC के लिए 19, BC के लिए 15 और EWS वर्ग के लिए 12 पद निर्धारित किए गए हैं। महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण भी लागू किया गया है, जिसका लाभ केवल बिहार की मूल निवासी महिलाओं को मिलेगा।

12वीं पास होने के अलावा और क्या योग्यता होनी चाहिए

भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना अनिवार्य है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भारतीय नागरिक होने चाहिए। पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर सभी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की आयु 18 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए, जबकि महिलाओं और BC/EBC वर्ग को 40 वर्ष तक तथा SC/ST वर्ग को 42 वर्ष तक आयु सीमा में छूट दी गई है।

कैसे होगा चयन

इस भर्ती में चयन प्रक्रिया खास है, क्योंकि अंतिम मेरिट केवल फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET) के अंकों के आधार पर तैयार होगी। लिखित परीक्षा केवल क्वालिफाइंग होगी। लिखित परीक्षा 100 अंकों की OMR आधारित परीक्षा होगी, जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, सामान्य ज्ञान और करेंट अफेयर्स से प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे तय की गई है।

लिखित परीक्षा के बारे में

लिखित परीक्षा में कम से कम 30 प्रतिशत अंक लाने वाले उम्मीदवारों को PET के लिए बुलाया जाएगा। पुरुष उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर दौड़ 6 मिनट में पूरी करनी होगी, जबकि महिलाओं को 1 किलोमीटर दौड़ 5 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके अलावा गोला फेंक और हाई जंप के मानक भी तय किए गए हैं।

आवेदन शुल्क

आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 100 रुपये रखा गया है। उम्मीदवार BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आयोग ने उम्मीदवारों को सही फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करने की सलाह दी है, क्योंकि गलत दस्तावेज मिलने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी बाद में वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article