“सपने वही सच होते हैं, जिनके लिए पूरे दिल से कोशिश की जाती है, रास्ते में आने वाली हर मुश्किल से लड़ा जाता है और संघर्ष को अपनाया जाता है” झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले कृष कुमार बर्णवाल ने इस बात को अपनी मेहनत और लगन से साबित कर दिखाया है। आर्थिक तंगी और कई चुनौतियों के बावजूद कृष ने झारखंड बोर्ड 12वीं परीक्षा 2026 में कॉमर्स स्ट्रीम से राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया। (image - chatgpt)
वह रांची के बाल कृष्णा प्लस टू उच्च विद्यालय के छात्र हैं। कृष ने 12वीं बोर्ड परीक्षा में 94.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। उन्हें कुल 500 में से 472 अंक मिले हैं। उनकी मां लक्ष्मी देवी गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने हमेशा कृष की पढ़ाई को प्राथमिकता दी और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कृष कुमार बर्णवाल का परिवार साधारण आर्थिक स्थिति से जुड़ा हुआ है। उनके पिता नंदकिशोर कुमार बर्णवाल घर में ही छोटी सी किराने की दुकान चलाते हैं, जिससे पूरे परिवार का खर्च चलता है।
कृष ने कॉमर्स स्ट्रीम में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लगभग सभी विषयों में शानदार अंक हासिल किए। उन्हें इंग्लिश में 92 अंक, अकाउंट्स में 96 अंक, बिजनेस स्टडीज में 97 अंक, एंटरप्रेन्योरशिप में 96 अंक, इकोनॉमिक्स में 91 अंक और बिजनेस मैथ में 80 अंक प्राप्त हुए। बोर्ड परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने रोजाना करीब 8 घंटे पढ़ाई की।
कृष कुमार बर्णवाल का सपना चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) बनने का है। वे मेहनत के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखना चाहते हैं, और तब तक नहीं रुकना चाहते जब तक वे अपने मंजिल को पा नहीं लेते हैं। वहीं उनके पिता ने मीडिया को बताया कि आर्थिक परेशानियां बेटे के सपनों के आड़े नहीं आने दी जाएंगी।
कृष कुमार बर्णवाल की सफलता यह साबित करती है कि कठिन परिस्थितियां कभी भी मेहनत और लगन के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं। सही दिशा में लगातार प्रयास करने से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने 6 मई को 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम जारी किया। इस बार आर्ट्स स्ट्रीम का रिजल्ट सबसे बेहतर रहा। आर्ट्स में 96.14 प्रतिशत छात्र सफल हुए, जबकि कॉमर्स स्ट्रीम का पास प्रतिशत 93.37 प्रतिशत और साइंस स्ट्रीम का पास प्रतिशत 82.92 प्रतिशत दर्ज किया गया।