बिहार की राजधानी पटना में दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सड़क पर नजर आया। 1799 पदों के लिए आयोजित दारोगा भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान के पास प्रदर्शन किया। पटना में 1799 पदों वाली दरोगा भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द किए जाने के विरोध में अभ्यर्थी आज सड़क पर उतरेंगे। 10,789 सफल अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से लोक सेवक आवास तक प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। प्रदर्शन की शुरुआत गांधी मैदान के गेट नंबर-10 से सुबह 11 बजे से होगी।
क्या है अभ्यर्थियों का आरोप
अभ्यर्थियों का कहना है कि वे पिछले सात दिनों से गर्दनीबाग धरना स्थल पर अपनी मांगों को लेकर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनकी बात नहीं सुनी गई है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी जेपी गोलंबर, डाकबंगला, तारामंडल, इनकम टैक्स गोलंबर और बिहार म्यूजियम होते हुए मुख्यमंत्री आवास यानी लोक सेवक आवास की ओर जाएंगे।
अभ्यर्थियों की मांग
मेंस में सफल होने के बाद अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से फिजिकल परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।अब अचानक परीक्षा रद्द होने से पूरी भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति बन गई है। अभ्यर्थियों की सबसे बड़ी मांग 1799 पदों की भर्ती की मेंस परीक्षा रद्द करने का नोटिस वापस लेने की है। उनका कहना है कि पीटी परीक्षा के बाद उन्होंने मेंस की तैयारी की और परीक्षा दी।
बता दें कि बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने 23 सितंबर 2026 को 1799 पदों वाली दारोगा भर्ती की मुख्य लिखित परीक्षा रद्द करने की घोषणा कर दी। परीक्षा 27 मई को दो पालियों में आयोजित हुई थी। हालांकि आयोग ने परीक्षा रद्द करने के विस्तृत कारण का उल्लेख नहीं किया और नई परीक्षा तारीख का ऐलान भी अभी नहीं किया गया है। इस फैसले के बाद अब अभ्यर्थियों की नजर नई परीक्षा तारीख और आगे की भर्ती प्रक्रिया पर है।
