अंग्रेजी भाषा में कई ऐसे मुहावरे, स्लैंग (Slang) और कोड वर्ड का इस्तेमाल किया जाता है, जिनका शाब्दिक अर्थ उनके वास्तविक अर्थ से बिल्कुल अलग होता है। अक्सर हॉलीवुड फिल्मों, वेब सीरीज या विदेशी दोस्तों के साथ बातचीत के दौरान आपने एक दिलचस्प वाक्य सुना होगा— "What's your 20?" या "What is your 20?" इस वाक्य को पहली बार सुनने पर ऐसा लगता है कि सामने वाला व्यक्ति किसी संख्या, उम्र या गणित के सवाल के बारे में पूछ रहा है, लेकिन इसका मैथ्स से दूर-दूर तक कोई रिश्ता-नाता नहीं है। सामान्य ज्ञान और अंग्रेजी भाषा की समझ बढ़ाने के लिए यह फ्रेज काफी दिलचस्प है। आइए आपको इसके अर्थ और उपयोग के बारे में विस्तार से बताएं -
'What's your 20' का आसान भाषा में अर्थ
सरल और सीधी भाषा में अगर इसे समझाया जाए तो "What's your 20?" का मतलब होता है: "आप इस समय कहां हैं?" (What is your current location?)। जब भी कोई व्यक्ति इस फ्रेज का इस्तेमाल करता है, तो वह आपकी मौजूदा लोकेशन या स्थिति के बारे में जानना चाह रहा होता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - भारत का मानक समय देश के किस शहर से तय होता है? जनरल नॉलेज के लिए है जरूरी
इस फ्रेज में '20' का क्या मतलब है?
इस पूरे वाक्य में सबसे ज्यादा ध्यान खींचने वाली चीज जो है, वह नंबर '20' है। इससे सवाल यह उठता है कि लोकेशन पूछने के लिए 20 नंबर का ही प्रयोग क्यों किया जाता है?
आपको बता दें कि इसके पीछे एक ऐतिहासिक और तकनीकी वजह है, जो अमरीकी पुलिस और रेडियो संचार के इतिहास से जुड़ी हुई है। जी हां, 10-Codes (टेन कोड्स) की शुरुआत 1930 के दशक (वर्ष 1937) में हुई थी। अमरीका में 'इलिनोय स्टेट पुलिस' ने रेडियो वॉकी-टॉकी पर बातचीत को छोटा, स्पष्ट और गोपनीय बनाने के लिए 10 कोड का एक सिस्टम तैयार किया था। तभी 10-20 (टेन-ट्वेंटी) कोड का अर्थ निर्धारित किया गया है। इस कोड सिस्टम में हर संख्या का एक निश्चित अर्थ था। इसमें 10-20 कोड का अर्थ निर्धारित किया गया— "Location" से।
आम बोलचाल में आया फर्क
जब कोई पुलिस अधिकारी या वॉकी-टॉकी यूजर रेडियो पर पूछता था "10-20?" या "What's your 10-20?", तो उसका मतलब होता था कि "आपकी लोकेशन क्या है?" समय के साथ आम बोलचाल की भाषा में '10' शब्द हट दिया गया और केवल "20" रह गया। तब से लोगों ने पूछा What's your 10-20।
इस फ्रेज का इतिहास और इस्तेमाल कहां होता है?
1970 के दशक में अमेरिका में 'सीबी रेडियो' (Citizens Band Radio) बहुत लोकप्रिय हुआ। वहां के ट्रक ड्राइवर्स एक-दूसरे से सड़क पर लोकेशन पूछने के लिए "What's your 20?" का इस्तेमाल करते थे। इसके साथ ही मिलिट्री, लॉ एनफोर्समेंट और आपातकालीन सेवाओं में आज भी वॉकी-टॉकी पर त्वरित संदेश भेजने के लिए इस तरह के कोड्स इस्तेमाल किए जाते हैं।
मिलिट्र और रेडियो से आगे बढ़कर हॉलीवुड की एक्शन फिल्मों, थ्रिलर सीरीज और सेना/पुलिस पर आधारित नाटकों में यह फ्रेज अक्सर सुनने को मिलता है। इस प्रकार यह स्क्रीन और वॉकी-टॉकी से निकलकर आम लोगों तक पहुंचा और आज लोग लोकेशन जानने के लिए इस फ्रेज का इस्तेमाल अधिक करते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Delhi High Court Vacancy 2026: दिल्ली हाई कोर्ट में PA के 150 पदों पर शुरू हुए आवेदन, जानें अप्लाई का तरीका
बातचीत में इसका इस्तेमाल कैसे करें?
अगर आप भी इस अमेरिकन स्लैंग का इस्तेमाल करना चाहते हैं, तो इन उदाहरणों से समझ सकते हैं:
उदाहरण 1: "Hey Rahul, I am at the coffee shop. What's your 20?" (हाय राहुल, मैं कॉफी शॉप पर हूं। तुम कहां पर हो?)
उदाहरण 2: "Team, report your 20 immediately." (टीम, तुरंत अपनी-अपनी लोकेशन की जानकारी दें।)
इस प्रकार से आप भी आम बोलचाल में इस फ्रेज का इस्तेमाल कर अपनी इंग्लिश को एडवांस बना सकते हैं।
