Delhi AQI: दिल्ली की हवा आज भी 'खराब', कई इलाकों में 300 पार दर्ज हुआ आंकड़ा; फिलहाल राहत के आसार नहीं
- Authored by: Nishant Tiwari
- Updated Dec 9, 2025, 10:35 AM IST
AQI News Today: दिल्ली में प्रदूषण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। सोमवार को राजधानी का औसत एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 314 दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार सुबह यह कुछ कम होकर 291 दर्ज रहा। शहर के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। आइए जानते हैं दिल्ली की हवा का हाल।
दिल्ली में AQI आज सुबह 300 के नीचे दर्ज हुआ आंकड़ा (फाइल फोटो | PTI)
Delhi AQI News: दिल्ली में प्रदूषण का संकट लगातार गहराता जा रहा है। सप्ताह की शुरुआत के साथ ही राजधानी की हवा फिर ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। सोमवार दोपहर तक एयर क्वॉलिटी इंडेक्स (AQI) 314 पहुंच गया, जो रविवार की तुलना में थोड़ा अधिक था। मौसम में मामूली बदलाव देखने को मिला, लेकिन हवा की गुणवत्ता पर उसका असर लगभग न के बराबर रहा। आज यानी मंगलवार सुबह भी हवा का हाल कुछ खास नहीं है, हालांकि कम जरूर हुआ है। CPCB के समीर ऐप के मुताबिक सुबह 9 बजे दिल्ली का AQI 291 यानी खराब स्तर पर दर्ज किया गया।
AQI कुछ कम, सुधार की उम्मीद धुंधली
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सोमवार दोपहर 4 बजे का 24 घंटे का औसत AQI 314 दर्ज किया गया, जबकि सुबह के समय यह 318 तक पहुंच गया था। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 27 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रही और 11 स्टेशनों पर ‘खराब’ स्तर दर्ज किया गया। आज भी हवा का हाल कमोबेश ऐसा ही है। कल के औसत आंकड़े से कुछ पॉइंट गिरकर मंगलवार सुबह 9 बजे दिल्ली शहर का AQI 291 दर्ज किया गया। 40 में से 17 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हालात 300 के ऊपर ही दर्ज किए गए। आने वाले दिनों में हवा की गति बढ़ने की उम्मीद है, लेकिन प्रदूषकों के घनत्व को देखते हुए इससे बड़ा सुधार संभव नहीं दिख रहा।लोगों पर बढ़ता असर
सर्दियों के साथ जुड़ी दिल्ली की यह जानलेवा धुंध लोगों की दैनिक जीवनशैली पर असर डाल रही है। जलन भरी आंखें, सांसों में भारीपन, गले में खुजली और हवा में जली हुई गंध ने फिर से शहर को अपनी पकड़ में ले लिया है। डॉक्टरों का कहना है कि जिन लोगों को दमा, दिल की बीमारी, या फेफड़ों की समस्या है, उन्हें बाहर लंबे समय तक रहने से बचना चाहिए।
AQI लेवल का क्या है मतलब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) को छह श्रेणियों में बांटा गया है। 0 से 50 तक का स्तर ‘अच्छा’ माना जाता है और इसमें स्वास्थ्य जोखिम लगभग नहीं होता, जबकि 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’ श्रेणी है जिसमें संवेदनशील लोगों को हल्की परेशानी हो सकती है। 101 से 200 तक ‘मध्यम’ स्तर पर दमा और हृदय रोगियों को सांस लेने में कठिनाई होती है। 201 से 300 तक ‘खराब’ श्रेणी है जिसमें लंबे समय तक एक्सपोज़र पर ज्यादातर लोगों को परेशानी होती है। 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ स्तर पर स्वस्थ लोगों तक को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा रहता है और 401 से 500 तक का स्तर ‘गंभीर’ माना जाता है, जो सभी के लिए बेहद हानिकारक होता है। दिल्ली की हवा इन दिनों लगातार ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है।