Monsoon Update: दिल्‍ली- एनसीआर में इस दिन से शुरू होने वाली है प्री-मानसून की बारिश, नोट कर लें तारीख

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 8, 2022, 12:38 PM IST

Monsoon Update: भीषण गर्मी से परेशान होकर मानसून की बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो से चार दिन के अंतराल में प्री-मानसून बारिश की संभावना जताई गई है, इस दौरान कहीं पर हल्‍की तो कहीं पर तेज बारिश हो सकती है।

Monsoon Update: दिल्‍ली- एनसीआर में इस दिन से शुरू होने वाली है प्री-मानसून की बारिश, नोट कर लें तारीख
Photo Credit: Representative Image

Monsoon Update: भीषण गर्मी और लू का सामना कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दिल्ली समेत हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्‍थान राज्‍य के कई इलाकों में प्री-मानसून की गतिविधियां शुरू होने वाली हैं, इससे अगले दो से चार दिन के अंतराल में प्री-मानसून बारिश के दौरान कहीं पर हल्‍की बौझारे पड़ेंगी तो कहीं पर तेज बारिश की संभावना जताई गई है। सीजन के पहले प्री-मानसून से लोगों को गर्मी और लू से काफी राहत मिलेगी, हालांकि इसके बाद उमस भरी गर्मी में चिपचिपाहट का दौर शुरू हो सकता है।

प्री-मानसून बारिश को लेकर मौसम विभाग व स्काईमेट वेदर द्वारा अनुमान जारी कर दिया गया है। अनुमान के अनुसार इस समय एक नया पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और हरियाणा के पास एक चक्रवाती परिसंचरण को प्रेरित कर रहा है। जिससे हरियाणा, पंजाब, दिल्‍ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश में 10 जून से रुक-रुक कर प्री-मानसून बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान हल्‍की से लेकर तेज बारिश हो सकती है।

दिल्‍ली में 27 जून तक दस्‍तक देगा मानसून

स्काईमेट वेदर द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राजधानी दिल्‍ली में मानसून अपने पूर्वानिर्धारित सामान्य तारीख 27 से 28 जून तक दस्‍तक देगा। इस समय मानसून अपने सामान्‍य गति से आगे बढ़ रहा है और हाल फिलहाल ऐसा कोई सिस्टम नजर नहीं आ रहा, जो मानसून के इस प्रगति को रोक सके। हालांकि मानूसन के पहुंचने को लेकर आखिरी घोषणा 20 के आसपास की जाएगी। बता दें कि, मौसम विभाग की तरफ से पिछले साल घोषणा की गई थी कि मानसून अपनी सामान्य तिथि से लगभग एक सप्ताह पहले दिल्ली पहुंचेगा, लेकिन यह करीब दो सप्‍ताह देरी से 13 जुलाई को ही राजधानी दिल्ली पहुंचा था। मानसून की यह देरी 19 साल में सबसे अधिक था।

दिल्‍ली में शुक्रवार से बदलेगा मौसम

राजधानी दिल्ली में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम औसत तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि पीतमपुरा, नजफगढ़ और रिज जैसे इलाकों में अधिकतम तापमान क्रमश: 45.7 डिग्री सेल्सियस, 45.9 डिग्री सेल्सियस व 44.9 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्री-मानसून गतिविधियों के कारण शुक्रवार से दिल्‍ली के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं 15 जून तक मानसून के पूर्वी भारत में आने की संभावना के साथ पूर्वी हवाएं नमी लाएंगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।

End of Article