शहर

Hyderabad Crime: महिला से मारपीट और बाल पकड़कर घसीटने वाला RPF होमगार्ड गिरफ्तार, DGP बोले- ऐसी हरकत बर्दाश्त नहीं

Hyderabad Crime: हैदराबाद के हफीजपेट रेलवे स्टेशन पर महिला के बाल खींचकर मारपीट करने वाले आरोपी होम गार्ड आनंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो वायरल होने के बाद तेलंगाना पुलिस और रेलवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सेवा से बर्खास्त कर दिया है।

Image

हैदराबाद में खाकी की हैवानियत

Photo : ANI

Hyderabad Crime: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित हफीजपेट रेलवे स्टेशन (Hafizpet Railway Station) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुरक्षा में तैनात एक होम गार्ड ने महिला के साथ जमकर मारपीट की और उसके बाल खींचकर उसे घसीटा। इस पूरी बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और रेलवे प्रशासन ने तुरंत कड़ा संज्ञान लिया और आरोपी होम गार्ड आनंद को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले की जानकारी देते हुए साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर रमेश ने बताया कि आरोपी होम गार्ड आनंद को हिरासत में ले लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही आरोपी की सेवा समाप्त कर उसका नाम होम गार्ड के रोल से हमेशा के लिए हटा दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने सख्त लहजे में कहा कि तेलंगाना पुलिस महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध या हिंसा को बर्दाश्त नहीं करती और इस मामले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है।

इस घटना पर क्या बोली दक्षिण मध्य रेलवे ?

दक्षिण मध्य रेलवे ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हफीजपेट रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना की जांच की गई थी। आरोपी जवान तेलंगाना राज्य पुलिस का होम गार्ड था, जो आरपीएफ (RPF) में प्रतिनियुक्ति पर तैनात था। मामला सामने आते ही उसे मूल विभाग में वापस भेज दिया गया ताकि कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके।

तेलंगाना के DGP ने जाहिर किया अपना गुस्सा

इससे पहले तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (DGP) सीवी आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा था कि पुलिस बल के किसी भी कर्मचारी द्वारा किया गया ऐसा व्यवहार अक्षम्य है। उत्तेजना चाहे जो भी रही हो, इस तरह की हरकत दिए गए प्रशिक्षण और निर्देशों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने तुरंत साइबराबाद सीपी को मामले में आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कदम उठाने का निर्देश दिया, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई हुई।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article