शहर

गुरुग्राम में थार ड्राइवर का खौफनाक खेल! रैपिडो कैब को बार-बार मारी टक्कर, बाल-बाल बचे तीन लोग

Gurugram News: गुरुग्राम के सेक्टर-89 में देर रात एक मामूली विवाद ने उस वक्त खौफनाक रूप ले लिया, जब नशे में धुत थार चालक ने कैब को बार-बार टक्कर मार दी। कैब में बैठे दो युवकों और चालक की जान एयरबैग खुलने से बाल-बाल बची, जबकि हादसे में गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Image

गुरुग्राम में थार सवार का जानलेवा तांडव

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Gurugram News: गुरुग्राम के सेक्टर-89 इलाके में देर रात सड़क पर हुए विवाद ने उस वक्त खौफनाक रूप ले लिया, जब एक दिल्ली नंबर की थार के चालक ने एक रैपिडो कैब को बार-बार टक्कर मार दी। घटना में कैब सवार दो युवकों और चालक की जान बाल-बाल बच गई। पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि चार दोस्त काली थार में सवार होकर सेक्टर-89 पहुंचे थे। किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दो युवक थार से अलग हो गए। दोनों ने घर जाने के लिए रैपिडो कैब बुक की और सड़क किनारे खड़े होकर कैब का इंतजार करने लगे। कुछ देर बाद जैसे ही कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें बैठ गए तो थार चालक भड़क गया।

बार-बार मारी कैब को टक्कर

आरोप है कि चालक नशे की हालत में था और उसने कैब को निशाना बनाते हुए अपनी थार को पीछे किया। इसके बाद उसने तेज रफ्तार में कैब को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि चालक ने एक बार टक्कर मारने के बाद भी वाहन नहीं रोका और दोबारा रिवर्स करके कैब को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

थार चालक अपने साथी के साथ हुआ फरार

हालांकि, हादसे के दौरान एयरबैग खुलने से कैब में मौजूद दोनों युवकों और चालक को गंभीर नुकसान नहीं हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद कैब चालक ने खेड़कीदौला थाना पुलिस से संपर्क किया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही थार चालक अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। दिल्ली नंबर की थार के जरिए आरोपी चालक और उसके साथी की पहचान करने के साथ उनकी तलाश की जा रही है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article