दिल्ली में ठंड की दोहरी मार, कोहरे और बारिश ने बढ़ाई कंपकंपी, बदला मौसम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 2, 2021, 09:59 AM IST

Delhi Cold: राजधानी दिल्ली में खूब ठंड पड़ रही है। तापमान में गिरावट हो रही है। आज सुबह घना कोहरा देखा गया साथ ही कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई। इससे ठंड बढ़ेगी।

दिल्ली में ठंड की दोहरी मार, कोहरे और बारिश ने बढ़ाई कंपकंपी, बदला मौसम

नई दिल्ली: दिल्ली में हांड कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। शनिवार सुबह इसकी दोहरी मार देखने को मिली। दिल्ली में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इसके अलावा दिल्ली में आज सुबह कुछ जगहों पर हल्की बारिश भी हुई, जिससे ठंड में इजाफा हुआ।

भारत मौसम विभाग ने कहा, 'हमारे पूर्वानुमान के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली सहित उत्तर पश्चिम भारत पर शुरू हो गया है। पालम में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। दिल्ली में रिज, एयानगर और लोदी रोड पर भी बारिश की सूचना मिली है।' आईएमडी ने बताया कि दिल्ली के सफदरजंग में आज सुबह 8:30 बजे न्यूनतम 7.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो अगले 24 घंटों के दौरान 5.9 तक डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान में लगभग 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। ये तापमान अगले 2-3 दिनों तक बने रहने की संभावना है।

शुक्रवार को दिल्ली में शीत लहर के प्रकोप के बीच न्यूनतम तापमान 15 साल में सबसे कम 1.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिल्ली के सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि पिछले 15 साल में सबसे कम तापमान है। इससे पहले आठ जनवरी 2006 को शहर में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अब तक का सबसे कम तापमान जनवरी 1935 में 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

End of Article