Delhi metro news today: आज भी बंद हैं लाल किला मेट्रो स्‍टेशन के गेट, यात्रा से पहले जान लें ये जरूरी सूचना

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 28, 2021, 08:01 AM IST

Delhi metro news today: किसानों के टैक्‍टर मार्च के दौरान 26 जनवरी को हुई हिंसा के बाद सुरक्षा एजेंसियां विशेष सतर्कता बरत रही हैं। दिल्‍ली मेट्रो के लाल किला व जामा मस्जिद स्‍टेशन पर गेट बंद किया गया है।

Delhi metro news today: आज भी बंद हैं लाल किला मेट्रो स्‍टेशन के गेट, यात्रा से पहले जान लें ये जरूरी सूचना
Photo Credit: BCCL

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में 26 जनवरी को किसानों के ट्रैक्‍टर मार्च के दौरान हुई हिंसा के बाद विशेष सतर्कता बरती जा रही है। दिल्‍ली में लाल‍ किला सहित कई जगह भारी संख्‍या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। सुरक्षा उपायों के तहत लाल किला मेट्रो स्‍टेशन पर प्रवेश व निकास द्वार को आज (गुरुवार, 28 जनवरी) भी बंद रखा गया है।

दिल्‍ली मेट्रो की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, लाल किला मेट्रो स्‍टेशन के एंट्री और एग्जिट दोनों गेट बंद हैं। वहीं, जामा मस्जिद स्‍टेशन पर एंट्री गेट बंद क‍िया गया है। इन दोनों मेट्रो स्‍टेशनों पर बुधवार को भी यही स्थिति थी। लाल किला स्‍टेशन पर जहां प्रवेश व निकास द्वार को बंद रखा गया था, वहीं जामा मस्जिद स्‍टेशन पर प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया था।

लाल किले पर हुआ था उग्र प्रदर्शन

राष्‍ट्रीय राजधानी में मंगलवार को हुए किसानों के ट्रैक्‍टर मार्च के दौरान किसानों का एक समूह लाल किला पहुंच गया था, जहां उन्‍होंने निशान साहिब का झंडा भी फहराया था। जगह-जगह हुई झड़पों में करीब 400 पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पुलिस ने करीब 200 लोगों को हिरासत में भी लिया है, जबकि 37 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

किसान संगठनों ने हालांकि 26 मार्च को लाल किले पर हुए प्रदर्शन और वहां निशान साहिब का झंडा लगाने की घटना से खुद को अलग किया है और कहा कि कुछ अराजक तत्‍वों ने भीड़ को उकसाया। इस मामले में पंजाबी एक्‍टर दीप सिद्धू का नाम सामने आ रहा है। पुलिस ने जिन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, उनमें दीप सिद्धू का नाम भी शामिल है।

किसानों के ट्रैक्‍टर मार्च में हुई हिंसा के बाद 1 फरवरी को प्रस्‍तावित संसद मार्च स्‍थगित कर द‍िया गया है। कई किसान गुटों ने भी अपना आंदोलन समाप्‍त करने की घोषणा की है। ये बीते करीब दो महीने से दिल्‍ली की सीमा पर धरना दे रहे थे। वहीं, दिल्‍ली के करीब पश्चिमी यूपी के बागपत में बड़ौत से पुलिस ने आंदोलनकारी किसानों को बीती रात हटा दिया।
 

End of Article