UP Crime: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। डिडौली कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक दलित मासूम बच्चे का उसके घर से अपहरण कर लिया गया। इसके बाद आरोपी ने जंगल में ले जाकर बच्चे के साथ ऐसी बर्बरता की जिसे सुनकर किसी की भी रूह कांप जाए। आरोपी ने मासूम के प्राइवेट पार्ट और नाक को काट दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के पीछे मां का नशेड़ी प्रेमी बताया जा रहा है, जिसने प्रतिशोध और सनक में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
मां के पास सो रहा था मासूम
जानकारी के मुताबिक, मासूम शुक्रवार की सुबह अपनी मां के पास सो रहा था। सुबह करीब 6:30 बजे अचानक बच्चा बिस्तर से गायब मिला। परिजनों ने जब उसकी तलाश शुरू की, तो कुछ ही समय बाद गांव के पास के जंगल में बच्चा बेहद गंभीर और लहूलुहान हालत में मिला। हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए आरोपी ने बच्चे के प्राइवेट पार्ट और नाक पर धारदार हथियार से गंभीर चोटें पहुंचाई थीं। मासूम को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं।
वारदात के पीछे आशिक
पुलिस की प्रारंभिक जांच में इस खौफनाक साजिश का मुख्य सूत्रधार संभल निवासी शान मोहम्मद नाम का युवक सामने आया है, जो नशे का आदी और महिला के प्यार में पागल बताया जा रहा है। आरोपी शान मोहम्मद ने पीड़ित बच्चे की मां अशंकु को शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए थे। जब महिला ने शादी का दबाव बनाया, तो शान ने मना कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला ने 11 फरवरी 2024 को शान मोहम्मद के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। केस दर्ज होने के कुछ समय बाद खुद महिला ने ही आरोपी शान की जमानत करवाई थी। जमानत पर बाहर आने के बाद भी आरोपी अक्सर रात के समय महिला के घर पर ही रुकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डिडौली कोतवाली पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि केस की सभी कोणों से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम और साक्ष्यों के आधार पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।
