क्राइम

Delhi: 'लगा कि भगवान नर बलि मांग रहे हैं' ये सोचकर नशेड़ियों ने 6 साल के बच्चे का गला काट दिया

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 3, 2022, 07:14 AM IST

Delhi News Today: दक्षिणी दिल्ली में 6 साल के एक बच्चे की हत्या का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लोधी कॉलोनी इलाके में दो युवकों ने 6 साल के बच्चे की गर्दन काटकर हत्या कर दी

Image

दिल्ली में 6 साल के बच्चे की हत्या का दिल्ली में हैरान करने वाला मामला

Photo : BCCL
KEY HIGHLIGHTS
  • लोधी कॉलोनी में 6 साल के बच्चे की गला काटकर हत्या
  • दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, नशेड़ी प्रवृत्ति के हैं आरोपी
  • आरोपी बोले- समृद्धि हासिल करने के लिए दी बच्चे की 'नरबलि'

Delhi Crime News: दक्षिणी दिल्ली की लोधी कॉलोनी (Lodhi Colony) में दो लोगों ने कथित तौर पर छह साल के एक बच्चे के सिर पर हमला किया और फिर उसका गला काट कर हत्या कर दी। पुलिस (Delhi Police) के मुताबिक, आरोपी विजय कुमार और अमर कुमार बिहार (Bihar) के मूल निवासी हैं और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों नशे के आदी हैं। आरोपी और लड़के के माता-पिता मजदूरी करते हैं। विजय और अमर ने अपराध कबूल करते हुए कहा कि उन्होंने "समृद्धि" हासिल करने के लिए लड़के को मार डाला। पुलिस ने कहा कि ये सभी एक ही झुग्गी में रह रहे थे।

इस तरह दिया वारदात को अंजाम

उपायुक्त पुलिस (दक्षिण) चंदन चौधरी ने बताया कि शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे जब लड़का दुर्गा पूजा समारोह में शामिल होकर अपने शेड में जा रहा था, तो आरोपी ने उसे अपने खाना पकाने की जगह पर बुलाया और पहले उसके सिर पर हमला किया और फिर उसका गला रेत कर हत्या कर दी। पुलिस ने कहा कि लड़के के पिता के बयान के आधार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। लड़के के परिवार के सदस्यों ने कहा कि जब यह घटना हुई तब वे उत्सव में व्यस्त थे।

परिवार पूजा कर रहा था और बच्चा हो गया गायब

परिवार करीब पांच हफ्ते पहले उत्तर प्रदेश से दिल्ली आया था और अपने बच्चों को यहां स्कूल भेजना चाहता था। मृतक लड़के के पिता ने कहा, 'हम सब जश्न मना रहे थे। महिलाएं भजन गा रही थीं और पूजा कर रही थीं और हम एक मंदिर जा रहे थे। मेरा बेटा अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। रात 10.30 बजे के बाद, वह हमारे शेड में वापस जा रहा था जब दो पुरुषों ने उसे अंदर खींच लिया। हम उसे हर जगह खोजा। बाद में, मुझे हमारे दरवाजे पर खून मिला। मैं अंदर गया तो देखा कि वह (आरोपी) मेरे बेटे की बॉडी को खाट के नीचे धकेल रहे हैं।' डीसीपी ने कहा कि फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी के विशेषज्ञों के साथ एक क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को एम्स ट्रॉमा सेंटर में भेज दिया।

इसलिए कर दी हत्या

अधिकारी के अनुसार, आरोपी विजय ने अपने बयान में कहा है कि "प्रसाद" का सेवन करने के बाद घर पहुंचने पर उन्हें लगा कि भगवान शिव उनसे बलि मांग रहे हैं। उसने कहा कि समृद्धि हासिल करने के लिए उसे 'नर बलि' का सहारा लिया इसलिए उसने लड़के को मार डाला। पुलिस ने कहा कि हत्या में प्रयुक्त रसोई का चाकू और हत्या के दौरान आरोपियों ने जो कपड़े पहने थे, उन्हें बरामद कर लिया गया है।
किशोर जोशी
किशोर जोशीauthor

राजनीति में विशेष दिलचस्पी रखने वाले किशोर जोशी को और खेल के साथ-साथ संगीत से भी विशेष लगाव है। यह टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल में नेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं। किशोर के पास डिजिटल मीडिया का 10 सालों का अनुभव है।

और पढ़ें
End of Article