Gurugram News: दिल्ली सटे गुरुग्राम में पुलिसकर्मियों (Police) की जबरदस्त पिटाई हुई है और मारपीट में घायल तीन पुलिसवालों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को बुरी तरह पीटा और पीसीआर (PCR) को टक्कर मार दी। आरोपियों का वीडियो भी वायरल (Viral Video) हो रहा है जिसमें वह पुलिस की पीसीआर तथा पुलिसकर्मियों पर लाठी डंडों से हमले करते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल आरोपी अस्पताल से दवाई लेकर पैसे नहीं दे रहे थे। इसके बाद स्टाफ ने पुलिस को कॉल कर दी।
झगड़ा सुलझाने गई थी पुलिस
मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात हुई वारदात में दवाई के पैसे ना देने पर अस्पताल स्टाफ ने पीसीआर को कॉल कर पुलिस बुला ली। बस फिर क्या था आरोपी पुलिस से ही भिड़ गए। चार आरोपियों ने अस्पताल स्टाफ और पुलिस को जमकर पीटा और फिर पुलिस पीसीआर वाहन पर भी लाठी डंडों से ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपीअपनी स्विफ्ट गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गए। गुरुग्राम के रिठौज गांव में हुई वारदात के बाद पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दो FIR दर्ज की है। वहीं तीन पुलिसकर्मी जो अस्पताल में भर्ती हैं उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, चारों आरोपी अस्पताल में दवा के पैसों को लेकर हंगामा कर रहे थे। इस बीच सूचना मिलने के बाद जब पुलिस झगड़ा सुलझाने पहुंची तो आरोपी ने पुलिस पर ही हमला कर दिया और अपनी कार से पुलिस कर्मियों को कुचलने की कोशिश की। घायल पुलिसकर्मियों की पहचान हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और पुलिस कांस्टेबल मोहित और दीपक के रूप में की गई है जिनका गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरोपियों में दो की पहचान रिठौज गांव के निवासी संदीप और मनीष के रूप में हुई है जो अभी फरार हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
