मेरठ में हुए सनसनीखेज सौरभ हत्याकांड को आठ महीने बीत चुके हैं, लेकिन इस जघन्य वारदात की गूंज अब भी शहर में महसूस की जा सकती है। इस बीच, आरोपी मुस्कान रस्तोगी का परिवार अब मेरठ छोड़ने की तैयारी कर रहा है। बुधवार को ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के इंदिरानगर स्थित उनके घर के बाहर “मकान बिकाऊ है” का पोस्टर लगने के बाद इलाके में एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
मेरठ से दूर जाना चाहता है परिवार
मुस्कान के पिता प्रमोद रस्तोगी ने कहा कि उनका परिवार अब इस शहर में नहीं रह सकता। उन्होंने बताया, “यहां अब सिर्फ बुरी यादें बची हैं। घटना के बाद से न तो हम पहले जैसे रह पाए हैं और न ही लोगों ने हमें वैसे स्वीकार किया। अब हम कहीं और जाकर नई शुरुआत करना चाहते हैं।” प्रमोद की पत्नी कविता और बेटे राहुल ने भी इस निर्णय का समर्थन किया है। परिवार का कहना है कि 3 मार्च 2025 को हुई इस घटना ने उनकी सामाजिक और आर्थिक स्थिति पूरी तरह हिला दी। प्रमोद की सर्राफा दुकान पर ग्राहकों का आना लगभग बंद हो गया है, जबकि उधार लेनदेन करने वालों ने भी दूरी बना ली है। मुस्कान की छोटी बहन, जो घर पर ट्यूशन पढ़ाया करती थी, उसकी आमदनी भी बंद हो गई है क्योंकि अभिभावकों ने बच्चों को भेजना छोड़ दिया।
मुस्कान ने प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति सौरभ की हत्या
मामले की बात करें तो पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 3 मार्च को मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत की हत्या कर दी थी। दोनों ने शव के चार टुकड़े किए और उन्हें एक ड्रम में भरकर सीमेंट से सील कर दिया। वारदात के बाद दोनों हिमाचल प्रदेश भाग गए, लेकिन बाद में मुस्कान ने खुद अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसके परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जेल में हैं दोनों बंद
पुलिस ने 19 मार्च को मुस्कान और साहिल को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। तब से दोनों मेरठ जिला जेल में बंद हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुस्कान फिलहाल गर्भवती है, और सौरभ के परिवार ने बच्चे का डीएनए परीक्षण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर बच्चा सौरभ का निकला, तो वे उसे स्वीकार करेंगे, अन्यथा नहीं। वहीं, जेल सूत्रों के अनुसार, साहिल वर्तमान में जेल के भीतर कृषि कार्य में लगा हुआ है और उससे मिलने केवल उसकी नानी और भाई आते हैं। दूसरी ओर, मुस्कान के परिवार ने उससे पूरी तरह संबंध तोड़ लिए हैं।
